Last Updated:
Gold/Silver Price Crash : ग्लोबल मार्केट में गिरावट के बाद गुरुवार को लगातार चौथे सत्र में सोने और चांदी की खुदरा कीमतों में गिरावट दिखी. सोने का भाव तो गिरकर 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है, जबकि चांदी की खुदरा कीमतों में आज 5 हजार रुपये की एकमुश्त गिरावट दिखी है.
सोने और चांदी के भाव में लगातार 4 सत्र से गिरावट आ रही है.
नई दिल्ली. सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर गिरावट आनी शुरू हो गई है. पितृ पक्ष आने से ठीक पहले हाजिर बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दिखी है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमतों में 1,600 रुपये की गिरावट आई और यह 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. यह लगातार चौथा सत्र है, जब सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई, क्योंकि अमेरिकी डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर इस कीमती धातु पर बखूबी दिख रहा है.
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत बुधवार के 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव से 1,600 रुपये टूटकर 1,52,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई. इस दौरान, चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट देखी गई. पिछले दो सत्रों में स्थिर रहने के बाद चांदी 5,000 रुपये टूटकर 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई. पिछले सत्र में चांदी 2.42 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.
क्यों गिर रही सोने की कीमत
कारोबारियों का कहना है कि सोने में लगातार बिकवाली के कारण इसकी कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा. व्यापारियों ने इस कमजोरी के लिए कमजोर ग्लोबल संकेतों और ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली को जिम्मेदार ठहराया है.
हालांकि, इसका चांदी पर अधिक असर पड़ा क्योंकि इसकी कीमतों में उतार-चढ़ाव अधिक होता है और औद्योगिक मांग से जुड़े होने के कारण इस पर बिकवाली का दबाव बढ़ गया, जिससे यह दिन के अंत में अपने पिछले बंद भाव से काफी नीचे पहुंच गई.
रुपये की मजबूती ने बनाया माहौल
उन्होंने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के 95.96 के स्तर तक गिरने से घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों को कुछ सहारा मिला, जिससे गिरावट की सीमा सीमित रही. एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी के अनुसार, कमजोर ग्लोबल संकेतों और खुदरा मांग में कमी के बीच घरेलू सोने की कीमतों में गिरावट आई है. मजबूत डॉलर और बॉण्ड यील्ड में बढ़ोतरी का असर कीमती धातुओं पर पड़ना जारी रहा है.
ग्लोबल मार्केट में कितना है भाव
भारतीय बाजार के साथ ही सोने और चांदी पर यह दबाव विदेशी बाजारों में भी समान रूप से देखा गया, जहां हाजिर सोना 33.74 डॉलर (लगभग 1 फीसदी) टूटकर 4,253.61 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी 1.4 फीसदी टूटकर 63.56 डॉलर प्रति औंस रह गई. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल भी कीमती धातुओं के लिए एक और नकारात्मक कारक साबित हुई. अभी ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर के आसपास ट्रेड कर रहा है, जिसका असर सोने की कीमतों पर भी देखा जा रहा है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें

