पूर्णिया जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसोनी टोयोटा शोरूम के पास एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए पूर्णिया के जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना मंगलवार देर रात करीब 9 बजे की है। परिजन सतीश मंडल ने बताया कि पूर्णिया से एक ही बाइक पर सवार होकर तीन लोग अपने घर कोहिला वार्ड नंबर 10, डगरूआ लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। सरकारी एंबुलेंस 1033 एन.एच.ए.आई के चालक विमल सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को जीएमसीएच अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में मरीजों का इलाज कर रहे नर्सिंग स्टाफ दिवाकर ने पुष्टि की कि एक ही दुर्घटना में तीन घायल अस्पताल लाए गए हैं और सभी का उपचार जारी है। घायलों की पहचान वासुदेव मंडल के पुत्र पप्पू मंडल, दिलीप चौधरी के पुत्र चंदन चौधरी और गिरजानंद मंडल के बेटे रविंद्र मंडल के रूप में हुई है। ये सभी कोहिला ग्राम के वार्ड नंबर 10, डगरूआ के निवासी हैं।
Source link

