रामपुर के प्रभारी मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन में समीक्षा बैठक की। उन्होंने पारंपरिक समीक्षा पद्धति को बदलते हुए अधिकारियों से विभागवार कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विकास भवन पहुंचने पर जिलाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। बैठक में नगर विधायक आकाश सक्सेना और मिलक शाहबाद विधायक राजबाला सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। हालांकि, प्रदेश सरकार के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और स्वार टांडा विधायक शफीक अंसारी बैठक में अनुपस्थित रहे, जिसकी चर्चा राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में रही। समीक्षा बैठक की शुरुआत में प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि बैठक दो चरणों में संचालित होगी। पहले चरण में सभी विभागीय अधिकारियों को अपना परिचय देने के साथ वर्ष 2025-26 के दौरान संचालित विकास एवं अवस्थापना संबंधी कार्यों की जानकारी देनी होगी। इसमें विभाग को मिले बजट, खर्च की गई राशि और योजनाओं की वर्तमान स्थिति का ब्योरा भी शामिल होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल आंकड़ों के आधार पर समीक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि विभागों के कार्यों की वास्तविक स्थिति जानना आवश्यक है। परिचय के साथ बजट और उपलब्धियों की जानकारी मिलने से विभागों के प्रदर्शन का सही आकलन किया जा सकेगा। बैठक के दूसरे चरण में जिलाधिकारी को आगामी कार्यक्रमों, विकास योजनाओं और प्रशासनिक गतिविधियों का ब्योरा प्रस्तुत करना था। अब प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा है कि प्रभारी मंत्री किन विभागों की कार्यप्रणाली पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हैं और विकास कार्यों को लेकर क्या नए दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं।
Source link
प्रभारी मंत्री ने बदली समीक्षा पद्धति: रामपुर में अधिकारियों से बजट, खर्च और विकास कार्यों का ब्योरा मांगा – Rampur News
RELATED ARTICLES

