बक्सर में छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को 334 घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। शहर से लेकर गांवों तक गंगा घाटों और तालाबों पर व्रतियों की भीड़ उमड़ी। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे और पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट, सिपाही घाट और केंद्रीय जेल घाट समेत गंगा किनारे के प्रमुख घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम तक घाटों पर भीड़ बढ़ गई। व्रती महिलाएं सिर पर दउरा और हाथों में पूजा सामग्री लेकर घाट पहुंचीं। देखें, मौके से आई तस्वीरें… मन्नत के लिए दंडवत करते पहुंचे व्रती छठ घाटों पर आस्था के अलग-अलग दृश्य देखने को मिले। कुछ महिलाएं मन्नत पूरी होने की कामना के साथ सड़क से गंगा घाट तक जमीन पर लेटते हुए पहुंचीं। इस दौरान उनके परिजन भी साथ रहे। गंगा पर 100 फीट ऊंचाई तक दिखा लेजर शो रामरेखा घाट पर छठ पूजा के अवसर पर लेजर लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया गया। गंगा के पानी को स्क्रीन की तरह इस्तेमाल कर करीब 100 फीट ऊंचाई पर रंग-बिरंगी रोशनी और तस्वीरें दिखाई गईं। इनमें छठ पर्व की महिमा के साथ बक्सर का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व भी दर्शाया गया। श्रद्धालुओं ने शो देखा और मोबाइल में उसके दृश्य रिकॉर्ड किए। दूध और गंगाजल से दिया सूर्य को अर्घ्य शाम को सूर्यास्त के समय व्रती पानी में खड़े हुए और दूध व गंगाजल से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर दीपक, सजे दउरे, फल और पूजा सामग्री के बीच छठी मइया के गीत गूंजते रहे। 334 घाटों पर तैनात रहा प्रशासन छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। जिले के विभिन्न घाटों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की टीमें लगातार निगरानी करती रहीं। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा समापन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का तीसरा दिन संपन्न हो गया। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके लिए व्रती रातभर छठी मइया की आराधना और सुबह के अर्घ्य की तैयारियों में जुटे रहेंगे।
Source link

