इंदौर में बसों की बॉडी बनाने वाले गैरेज संचालक पर 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। आरोपी ने बसों की बॉडी बिल्डिंग, सीट कवर, एसी और इंटीरियर के काम के नाम पर एडवांस रकम ली, लेकिन काम पूरा किए बिना फरार हो गया। 18 से ज्यादा बस संचालकों की शिकायत पर विजय नगर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जनसुनवाई में डीसीपी से की शिकायत विजय नगर पुलिस के अनुसार, फरियादी राजा दिव्यांशु बर्मन, प्रथम गुप्ता, सूरज भारद्वाज, शमशेर सिंह और अन्य बस मालिकों ने आरोपी मोहित उर्फ मन्नू पुत्र सत्यनारायण दीक्षित के खिलाफ जनसुनवाई में डीसीपी को लिखित शिकायत दी थी। पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी ‘एमबी बस’ के नाम से बसों की बॉडी बनाने और कस्टमाइजेशन का काम करता है। बस संचालकों ने बॉडी बिल्डिंग, सीट कवर, एसी और इंटीरियर के काम के लिए उसे कुल 2 करोड़ रुपए से ज्यादा दिए थे। आरोप है कि एडवांस रकम लेने के बाद उसने काम अधूरा छोड़ दिया और पैसा लेकर फरार हो गया। 18 से ज्यादा बस संचालकों से रकम लेने का आरोप पीड़ितों ने बताया कि लंबे समय से व्यावसायिक लेनदेन होने के कारण उन्हें आरोपी पर भरोसा था। इसी भरोसे पर उन्होंने काम के लिए मोटी रकम एडवांस में दी। कुछ मामलों में आरोपी ने काम कराने के बाद भी सप्लायरों और कारीगरों का भुगतान नहीं किया। ठगी का अहसास होने पर बस मालिक कई दिनों तक आरोपी के गैरेज और विजय नगर स्थित ठिकानों पर जाते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने डीसीपी से शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी मोहित उर्फ मन्नू के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Source link
बसों की बॉडी-इंटीरियर के नाम पर 2 करोड़ की ठगी: इंदौर का गैरेज संचालक 18 से ज्यादा बस मालिकों से एडवांस लेकर फरार – Indore News
RELATED ARTICLES

