Wednesday, November 11, 2026
Homeफूडबस एक पीस से ठंडक दूर! छत्तीसगढ़ी ड्राई फ्रूट लड्डू ताकत का...

बस एक पीस से ठंडक दूर! छत्तीसगढ़ी ड्राई फ्रूट लड्डू ताकत का भंडार, घर पर बनाना बेहद आसान


Dry Fruit Laddu: ठंड शुरू होते ही शरीर को गर्माहट और अतिरिक्त पोषण की जरूरत महसूस होने लगती है. इस मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखना जरूरी होता है, ताकि शरीर को पर्याप्त ऊर्जा मिल सके और कमजोरी से बचा जा सके. ऐसे में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक रसोई में बनने वाला ड्राई फ्रूट लड्डू स्वाद के साथ सेहत का भी बेहतरीन विकल्प है. भुना चना, मूंगफली, काजू, बादाम, देसी घी और गुड़ से तैयार यह लड्डू पोषक तत्वों से भरपूर होता है.

इसमें मौजूद प्रोटीन, हेल्दी फैट, फाइबर और आयरन शरीर को ऊर्जा और पोषण देने में मदद करते हैं. खास बात ये कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. साथ ही लंबे समय तक सुरक्षित भी रखा जा सकता है. ठंड में बच्चों से लेकर शारीरिक रूप से कमजोर लोगों तक के लिए यह पौष्टिक आहार का अच्छा विकल्प हो सकता है. आइए जानते हैं इस पारंपरिक छत्तीसगढ़िया ड्राई फ्रूट लड्डू को बनाने की आसान रेसिपी और इसके फायदे.

छत्तीसगढ़ की पारंपरिक रसोई से जुड़ी खास रेसिपी
पचपेड़ी गांव में रहने वाली बुजुर्ग महिला गयाबाई ने बताया कि ठंड के मौसम में छत्तीसगढ़ के कई घरों में पौष्टिक लड्डू बनाने की परंपरा रही है. इसे तैयार करने के लिए भुना चना, मूंगफली, काजू, बादाम और अन्य ड्राई फ्रूट के साथ देसी घी और गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है. स्वादिष्ट होने के साथ यह शरीर को जरूरी पोषण देने वाला पारंपरिक आहार है.

भुना चना और ड्राई फ्रूट से तैयार करें लड्डू
इसे बनाने के लिए सबसे पहले भुने हुए चने को मिक्सी में बारीक पीस लें. इसके बाद काजू और बादाम को थोड़े से देसी घी में हल्का भूनकर दरदरा पीस लें. मूंगफली को भी भूनकर उसका पाउडर तैयार करें. चाहें तो इसमें अपनी पसंद के दूसरे ड्राई फ्रूट भी मिला सकते हैं.

गुड़ की चाशनी में मिलाएं सभी सामग्री
अब एक कड़ाही में थोड़ा पानी और करीब 250 ग्राम गुड़ डालकर धीमी आंच पर लगभग 5 मिनट तक पकाएं. जब गुड़ अच्छी तरह पिघलकर गाढ़ा हो जाए, तब इसमें तैयार चना, मूंगफली और ड्राई फ्रूट का मिश्रण डाल दें. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर हल्का ठंडा करें और हाथों से छोटे-छोटे लड्डू तैयार कर लें.

ठंड में शरीर को देगा ऊर्जा और पोषण
ड्राई फ्रूट लड्डू में प्रोटीन, हेल्दी फैट, फाइबर, आयरन और अन्य पोषक तत्व मौजूद होते हैं. ठंड के मौसम में इसका सीमित मात्रा में सेवन शरीर को ऊर्जा देने और पोषण की जरूरत पूरी करने में मदद कर सकता है. गुड़ और मेवों का मिश्रण इसे स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाता है.

गर्भवती महिलाओं और कमजोर लोगों के लिए भी पौष्टिक विकल्प
घी, गुड़, चना और ड्राई फ्रूट से तैयार यह लड्डू गर्भवती महिलाओं और शारीरिक रूप से कमजोर लोगों के लिए भी ऊर्जा का अच्छा स्रोत हो सकता है. हालांकि मधुमेह, गर्भावस्था या किसी विशेष स्वास्थ्य समस्या में इसके सेवन से पहले डॉक्टर या पोषण विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है. वहीं अधिक कैलोरी और गुड़ की मात्रा को देखते हुए इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments