गोपाल गिरि | लखीमपुर-खीरी2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
लखीमपुर खीरी में बाढ़ से जलमग्न गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रशासन ने अनूठी पहल की है। सड़कें डूबी होने के कारण नाव को एम्बुलेंस की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।
जिला अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नाव से राहत कार्य शुरू किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के मार्गदर्शन में श्रीनगर और आजादनगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। डॉ. अजीत सिंह, फार्मासिस्ट टी. रहमान और एनसीडी परामर्शदाता अंकित दीक्षित की टीम ने नाव से गांव-गांव जाकर दवाएं वितरित कीं।

स्वास्थ्य टीम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जरूरतमंद मरीजों को दवाएं दीं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि जब चारों तरफ पानी था, तब नाव से पहुंची दवाएं उनके लिए संजीवनी बनीं।
जिला अधिकारी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में भी स्वास्थ्य सेवाएं नहीं रुकेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रही हैं। वे यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी मरीज इलाज से वंचित न रहे।

