उमरिया जिले के मानपुर विकासखंड के ग्राम चिल्हारी में अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या से तंग आकर किसानों, व्यापारियों और युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को गुस्साए ग्रामीणों ने बस स्टैंड से रैली निकाली और चिल्हारी बिजली दफ्तर पहुंचकर अफसरों को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि भरेवा बिजली स्टेशन के चिल्हारी उपकेंद्र से करीब 25 गांवों में सप्लाई होती है। लेकिन बिजली के बार-बार कटने और कम वोल्टेज आने से पढ़ाई, व्यापार और खेती-किसानी सब ठप पड़ा है। बारिश कम होने से धान की फसलें पहले ही सूख रही हैं और ऊपर से सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिल रही। ग्रामीणों ने बस स्टैंड से रैली निकालते हुए चिल्हारी बिजली दफ्तर पहुंचकर जूनियर इंजीनियर अवनीश कुमार मिश्रा और डीई अभिषेक कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। अफसरों ने ग्रामीणों को मांगों पर विचार कर जल्द से जल्द समस्या दूर करने का भरोसा दिया है। इस दौरान युवा समाजसेवी राजर्षि मिश्रा, रामचरण गुप्ता, प्रशांत सोनी, वीर बहादुर कचेर, ललवा पटेल समेत बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उठाईं ये प्रमुख मांगें बिजली संकट से निजात पाने के लिए ग्रामीणों ने अफसरों के सामने ये शर्तें रखी हैं। किसानों को सिंचाई के लिए हर दिन कम से कम 10 घंटे बिना रुकावट बिजली दी जाए। चिल्हारी उपकेंद्र में 5 KVA की जगह 10 KVA का बड़ा ट्रांसफार्मर लगाया जाए और पुरानी जर्जर 33 KV व 11 KV लाइनों को बदला जाए। मुख्य बाजार क्षेत्र के लिए अलग 11 KV फीडर बनाया जाए। रामलीला स्टेज और प्रजापति मोहल्ले में मंजूर हो चुके 63 KVA व 100 KVA के ट्रांसफार्मर तुरंत लगाए जाएं और अच्छी केबल बिछाई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर समस्याओं का पक्का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और अनशन करेंगे।
Source link
बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने रैली निकाली: बोले- बच्चों की पढ़ाई, व्यापार और खेती-किसानी बंद पड़ी, 10 घंटे लाइट मिले – Umaria News
RELATED ARTICLES

