बिहार में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को राज्य के 24 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 KM/H की रफ्तार से हवा चलेगी। गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। बीते 24 घंटे में पटना में ओले गिरे, तेज बारिश हुई। वहीं, बगहा, किशनगंज, सुपौल, अररिया और खगड़िया में भी तेज बारिश हुई। कई जिलों में बादल छाए रहे। पूर्णिया में बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि सुपौल में एक महिला घायल हो गई। औसत से 186% ज्यादा बारिश दर्ज बीते 24 घंटे में बिहार में कुल 94.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो औसतन 32.1 मिमी रहता है। इस तरह यह बारिश सामान्य से करीब 186 प्रतिशत अधिक है। लगातार हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। देखें मौसम की कुछ तस्वीरें… किसानों को भारी नुकसान लगातार बारिश और तेज हवा की वजह से किसानों को काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है। खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूब रही हैं, जिससे गेहूं की कटाई के बाद रखी फसलें भीगकर खराब हो रही हैं। सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को विशेष रूप से नुकसान हुआ है, क्योंकि जलभराव से फसल सड़ने लगी है। तेज हवा और आंधी से कई जगहों पर फसलें गिर गई हैं, जिससे उत्पादन पर असर पड़ सकता है। आम और लीची जैसी फलों की फसल पर भी इसका असर पड़ा है, क्योंकि तेज हवा से कच्चे फल गिर रहे हैं। इसके अलावा खेतों में पानी भरने से बुवाई की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। कब तक रहेगा ऐसा मौसम मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अगले 2 से 3 दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवा की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद धीरे-धीरे मौसम साफ होने की उम्मीद है। पटना में मौसम का हाल राजधानी में फिलहाल बादल छाए हुए रह सकते हैं। आज बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। उमस बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान भी 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। भीषण गर्मी कब बढ़ेगी मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 2–3 दिनों बाद जैसे ही बारिश की गतिविधियां कम होंगी, वैसे ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मई के दूसरे सप्ताह से राज्य में एक बार फिर भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनने की संभावना है।
Source link

