वॉशिंगटन डीसी2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिका भारत, चीन समेत 16 देशों से आने वाले सामान पर इसी हफ्ते टैरिफ बढ़ा सकता है। अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर 11 मार्च से चल रही जांच के नतीजे जारी कर सकते हैं।
अमेरिका का आरोप है कि ये देश सरकारी मदद से जरूरत से ज्यादा सामान बना रहे हैं और सस्ते दामों पर बेच रहे हैं। इससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है।
यह जांच 1974 के अमेरिकी व्यापार कानून के तहत हो रही है। इसके आधार पर अमेरिका दूसरे देशों के सामान पर अतिरिक्त टैरिफ लगा सकता है। हालांकि, टैरिफ की नई दरें अभी तय नहीं हुई हैं।
अमेरिकी ने इसी साल फरवरी में टैरिफ दर 50% से घटाकर 18% कर दी थी। साथ ही रूस से तेल इम्पोर्ट के कारण पेनल्टी के रूप में लगाए गए 25% टैरिफ को वापस करने का फैसला भी लिया था।

जबरन मजदूरी के मामले में भी टैरिफ की तैयारी
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने जुलाई में विदेशी सप्लाई चेन में जबरन मजदूरी को लेकर भी जांच पूरी की थी।
कार्यालय के मुताबिक, इस मामले में कई व्यापारिक साझेदार देशों पर 10 से 12.5% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत जारी
भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। दोनों देशों ने फरवरी में समझौते की रूपरेखा तय की थी, लेकिन अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा पिछले साल लगाए गए टैरिफ रद्द किए जाने के बाद बातचीत दोबारा शुरू करनी पड़ी।
भारत चाहता है कि उसके सामान पर अमेरिकी बाजार में बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम टैरिफ लगाया जाए।


17 अक्टूबर: ट्रम्प ने भारत पर 100% टैरिफ लगाने वाला कानून रोका
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने रूस पर सख्त प्रतिबंध लगाने वाले कानून पर रोक लगाई थी। इस कानून के तहत रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100% तक टैरिफ लगाया जा सकता था।
इन देशों में चीन, भारत, स्लोवाकिया समेत हंगरी और अजरबैजान शामिल थे। प्रतिबंध से जुड़े कानून का मकसद रूस की कमाई के रास्ते बंद करना था, ताकि यूक्रेन के खिलाफ जारी युद्ध के लिए उसे पैसा जुटाने में मुश्किल हो।
खास बात ये है कि ट्रम्प ने 9 अक्टूबर को ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ डीजल खरीदने की डील की थी।




