अयोध्या2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जिले के भेलसर–शुजागंज मार्ग के विस्तारीकरण को लेकर लंबे समय से चली आ रही प्रक्रिया को आखिरकार शासन की स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना के तहत करीब आठ किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग (खंड-4) द्वारा तैयार की गई इस योजना पर 27.50 करोड़ रुपए की लागत आएगी। शासन ने परियोजना की पहली किस्त 5.51 करोड़ रुपए जारी कर दी है, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि अब निर्माण कार्य की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
वर्तमान में यह सड़क 7 मीटर चौड़ी है। प्रस्तावित योजना के तहत सड़क के दोनों ओर डेढ़–डेढ़ मीटर की पटरी बनाई जाएगी, जिससे मार्ग की कुल चौड़ाई 10 मीटर हो जाएगी।
इससे स्थानीय लोगों और मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को सुगमता मिलेगी, साथ ही यातायात जाम की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है।
अधिशासी अभियंता शशि भूषण सिंह ने बताया कि फिलहाल परियोजना की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। टेंडर पूरा होते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा
इस विस्तारीकरण परियोजना का सबसे बड़ा दुष्प्रभाव पर्यावरण पर पड़ने की संभावना है। सड़क के दोनों ओर लगभग एक हजार पेड़ स्थित हैं, जिनके कटने की आशंका जताई जा रही है।
इनमें शीशम, कंजी, अर्जुन, आम और केसिया जैसी प्रजातियों के विशालकाय वृक्ष शामिल हैं। ये पेड़ वर्षों से यात्रियों को न केवल छाया और शीतलता प्रदान करते रहे हैं, बल्कि इस मार्ग की प्राकृतिक सुंदरता का हिस्सा भी हैं।
इन वृक्षों के कटने से क्षेत्र का पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ सकता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण जरूरी है, लेकिन साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उपाय भी किए जाने चाहिए। लोगों ने मांग की है कि कटने वाले पेड़ों के स्थान पर समान संख्या में या उससे अधिक पौधे लगाए जाएं।
रुदौली के वन क्षेत्राधिकारी जेपी गुप्त ने बताया कि वन विभाग को सड़क विस्तारीकरण संबंधी कोई आधिकारिक आदेश अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जैसे ही आदेश मिलेगा, विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

