सुशील सिंह | मऊ2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मऊ विधानसभा सीट के लिए मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण मिश्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
पुनरीक्षण की प्रक्रिया 1 जुलाई 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर की जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने बताया कि एकीकृत निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 2 सितंबर से होगा। दावे और आपत्तियां 17 सितंबर तक दाखिल की जा सकेंगी। इनका निस्तारण 25 सितंबर तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 सितंबर को होगा।
जनपद में कुल 1772 बूथ और बीएलओ हैं। इनकी निगरानी के लिए 179 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 17,28,223 है। इनमें 9,11,630 पुरुष और 8,16,538 महिला मतदाता हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 55 है।

जनपद में 11,329 दिव्यांग मतदाता हैं। इनमें 7,009 पुरुष और 4,320 महिलाएं हैं। सर्विस मतदाताओं की कुल संख्या 4,600 है। इनमें 4,465 पुरुष और 135 महिला मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से बीएलओ को सहयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि फॉर्म 6, 7 और 8 को सावधानीपूर्वक भरवाया जाए। साथ ही मृतक मतदाताओं के नाम हटाने में भी सहयोग करें।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 356 मऊ में वर्तमान मतदेय स्थलों की संख्या 493 तथा 1200 मतदाताओं के आधार पर संभाजन की दशा में प्रस्तावित मतदेय स्थलों की संख्या 508 है। समायोजित किए गए मतदेय स्थलों की संख्या 67 तथा बढ़े मतदेय स्थलों की संख्या 15 है।

उप जिलाधिकारी सदर अवधेश चौहान ने बताया कि सभी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि मतदेय स्थलों के संभाजन की सूची जल्द से जल्द उपलब्ध करा दें, जिससे ससमय बीएलओ को सूची उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक के दौरान संतोष गौतम बहुजन समाज पार्टी, वीरेंद्र कुमार सीपीआई, सचिंद्र सिंह भारतीय जनता पार्टी, रामकरण यादव कांग्रेस पार्टी, अवधेश मौर्य आम आदमी पार्टी, रामधनी चौहान समाजवादी पार्टी, भागवत दिन वरिष्ठ लिपिक, अरविंद राय वरिष्ठ लिपिक निर्वाचन सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

