महासमुंद2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
महासमुंद पुलिस ने 2 दिनों में डेढ़ करोड़ का गांजा जब्त किया है।
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शुक्रवार को पुलिस ने एम्बुलेंस से 77 किलो गांजा जब्त किया है। इसके साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने पायलेटिंग कार और 5 मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त माल की कुल कीमत 50.45 लाख आंकी गई है।
वहीं एक दिन पहले ही पुलिस ने पिकअप से 1.14 करोड़ का गांजा बरामद किया था। इस मामले में 2 आरोपी अरेस्ट किए गए थे। इस तरह 2 दिनों में पुलिस ने डेढ़ करोड़ से ज्यादा का गांजा पकड़ा है।
बता दें कि 4 महीने पहले भी पुलिस ने एम्बुलेंस से 5 क्विंटल 20 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपए बताई गई थी। इन तीनों ही मामलों में तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर महासमुंद के रास्ते महाराष्ट्र ले जा रहे थे।
पहले देखिए ये तस्वीरें-

जांच के दौरान एम्बुलेंस से गांजे के पैकेज बरामद किए गए।

एक दिन पहले करीब एक करोड़ का गांजा पकड़ाया था।

4 महीने पहले भी एंबुलेंस से गांजा तस्करी की कोशिश की गई थी।
केस- 01, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
दरअसल, कोमाखान थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से महासमुंद की ओर एम्बुलेंस में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टेमरी जांच नाका पर घेराबंदी की। इस दौरान एम्बुलेंस (MH-13-CU-0707) को रोका गया।
इसके अलावा पुलिस ने पायलटिंग कार (MH-12-NB-5277) को भी रोका। वाहनों की तलाशी और पूछताछ के दौरान एम्बुलेंस से करीब 77 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से हिरासत में लिया।
NDPS के तहत मामला दर्ज
जांच में सामने आया कि तस्कर गांजा ओडिशा के बालीगुडा से महाराष्ट्र के सोलापुर ले जा रहे थे। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एंबुलेंस चालक आकाश उर्फ अक्षय जाधव (27) जिला धाराशिव, पायलटिंग कार में सवार अन्य आरोपी लिंबाजी जाधव (33), जिला धाराशिव, धनंजय लोखंडे (25), जिला सोलापुर, प्रथमेश पिंगले (20), जिला सोलापुर और अजय काले (25),जिला धाराशिव) शामलि हैं।
आरोपियों से पूछताछ जारी
जब्त किए गए 77 किलोग्राम गांजा की कीमत लगभग 38 लाख 50 हजार, एम्बुलेंस की करीब 8 लाख, पायलटिंग कार की कीमत करीब 3 लाख और पांच मोबाइल की कीमत लगभग 95 हजार रुपए आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने 50.45 लाख का माल बरामद किया गया है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी हुई है।

केस- 02- पिकअप वाहन से गांजे की तस्करी
महासमुंद की सिंघोड़ा थाना पुलिस ने गुरुवार को ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 226.600 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ 2 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं पिकअप वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 22 लाख 75 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र नंबर की एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित सिल्की ढाबा के पास ग्राम गनियारीपाली में नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक MH 16 CD 8741 को रोककर तलाशी ली गई।
प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा था गांजा
वाहन में चालक अजिनाथ आश्रु जाधव (28) निवासी अहमदनगर महाराष्ट्र और उसका साथी अक्षय बारूक मोरे (32) सवार मिले। तलाशी के दौरान पुलिस को पिकअप में रखे खाली कैरेट के पीछे प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से गांजा लेकर महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में सप्लाई करने जा रहे थे।
पुलिस ने मौके से 226.600 किलो गांजा, एक पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

4 महीने पहले भी एम्बुलेंस से 5 क्विंटल 20 किलो गांजा जब्त किया था।
4 महीने पहले भी एंबुलेंस में मिला था गांजा
महासमुंद पुलिस ने 4 महीने पहले भी एम्बुलेंस से 5 क्विंटल 20 किलो गांजा जब्त किया था। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपए आंकी गई। गांजे को तस्कर ओडिशा के भवानीपटना जिले से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र के नागपुर ले जा रहे थे। मामला कोमाखान थाना के टेमरीनाका चेकिंग प्वाइंट का है।
जानकारी के मुताबिक तस्करों ने एम्बुलेंस में सीट के नीचे चैंबर बनाकर गांजा छिपाया था। इसके अलावा दवाइयों के कार्टून में भी गांजा रखा था। आरोपियों ने महाराष्ट्र पासिंग एम्बुलेंस पर ओडिशा की फर्जी नंबर प्लेट (OD 02 AX 5501) का इस्तेमाल किया था। पकड़े गए तीनों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले थे। पढ़ें पूरी खबर

……………………
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
तरबूज के नीचे बोरियों में छिपाया 1.12 करोड़ का गांजा: पिकअप में ओडिशा से यूपी ले जा रहे तस्कर, महासमुंद में चेकिंग में पकड़े गए

पिकअप वाहन से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा जब्त किया गया था।
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने पिकअप वाहन से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए है। गांजे को 6 आरोपी ओडिशा के संबलपुर जिले से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ले जा रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…


