शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक महिला चलती ट्रेन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। महिला प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पटरी पार कर रही थी, तभी रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन आ गई। ट्रेन को अचानक सामने देख महिला घबरा गई और सूझबूझ दिखाते हुए रेलवे पटरी के बीच लेट गई। देखते ही देखते ट्रेन उसके ऊपर से गुजरने लगी। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। महिला की पहचान नहीं हो सकी जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन मैनेजर को सूचना दी और ट्रेन रुकवाई। तब तक ट्रेन के लगभग पांच डिब्बे महिला के ऊपर से गुजर चुके थे। ट्रेन रुकते ही पुलिसकर्मियों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, शेखपुरा भेजा। घटना में महिला के सिर में चोट आई है, लेकिन चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पटरी के बीच लेटकर अपनी जान बचाई जीआरपी थानाध्यक्ष श्याम नंदन चौधरी ने बताया कि महिला पटरी पार कर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने का प्रयास कर रही थी। समय रहते प्लेटफॉर्म पर नहीं चढ़ पाने के कारण उसने पटरी के बीच लेटकर अपनी जान बचाई। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में रेलवे पटरी पार न करें और केवल फुट ओवरब्रिज अथवा निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें।
Source link

