दिल्ली में छात्रों पर मंगलवार को पुलिस की ओर से की गई लाठीचार्ज के विरोध में मुजफ्फरपुर में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद मुकुल ने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस सांसदों के साथ ऐसा व्यवहार किया गया, जैसे वे आतंकवादी हों। मुजफ्फरपुर कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे केंद्र सरकार की तानाशाही और दिल्ली पुलिस की बर्बर कार्रवाई बताते हुए कहा कि इसी के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला गया है। मुजफ्फरपुर में विरोध-प्रदर्शन की 3 तस्वीरें देखिए पीएम मोदी और धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से सरैयागंज टावर तक जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने पूरे मार्च के दौरान केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाए। इस दौरान सरैयागंज टावर पर पीएम मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रदर्शन में करीब 50 की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा और सीनियर नेता शामिल हुए। वहीं, नगर प्रभारी लाल बाबू ने कहा कि नीट जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं, छात्र आत्महत्या करने को मजबूर हैं और जब वे अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते हैं तो उन पर लाठीचार्ज किया जाता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ हुए व्यवहार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के मुद्दों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
Source link

