मेरठ में रूड़की रोड पर सिवाया टोल के पास कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। इस दौरान बुलडोजर आकर्षण का केंद्र रहे, जिन पर सवार होकर टोल से लौट रहे कांवड़ियों पर फूल बरसाए गए थे।
.
कांवड़ियों ने भी पुष्प वर्षा का आनंद उठाया। पूरा वातावरण बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम का आयोजन करने वाले मनिंदर विहान ने कहा कि चिलचिलाती व उमसभरी गर्मी में पैदल चलकर इतनी लंबी यात्रा करना आसान नहीं है।
कई परंपराओं को यह यात्रा खुद में संजोया है। इन कांवड़ियों का उत्साहवर्धन कर हमें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उनका यह कार्यक्रम बुलडोजर बाबा के नाम से चर्चित प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरित है।
पुष्प वर्षा में शामिल सुनीता रस्तोगी ने भी बुलडोजर पर सवार होकर कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। चौधरी हरेंद्र ने कहा कि जब से प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार आई है, तब से बुलडोजर का महत्व बढ़ा है।
उनकी उसी कार्रवाई से प्रेरित होकर बुलडोजर को अपने कार्यक्रम में शामिल किया और मुख्यमंत्री के संदेश को आगे बढ़ाने का काम किया।
कार्यक्रम का शिवभक्त कांवड़ियों ने जमकर आनंद उठाया। देखते ही देखते शिवभक्तों की भीड़ जमा हो गई और पूरा वातावरण बोल बम, हर हर महादेव, भारत माता की जय के उद्घोष से गूंज उठा।