कृषि मंत्री डॉ. किरोडीलाल मीणा ने आरपीएससी द्वारा एसआई भर्ती परीक्षा दोबारा कराने के सवाल पर कहा कि उस समय जो अभ्यर्थी शामिल हुए थे, उन्हें दोबारा मौका मिलेगा और शामिल भी होने भी वही चाहिए। वे अभ्यर्थी पिछले डेढ साल से न्याय की मांग कर रहे थे। अगर दूसरे अभ्यर्थी तत्काल एप्लाई करके शामिल हो जाएं तो फिर अन्यायपूर्ण कार्रवाई हो जाएगी। दौसा में मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहा- विपक्ष में रहते हमारी पार्टी ने युवाओं के लिए लडाई लडी थी और मैंने विशेष रूप से इस मुद्दे को उठाया था। हमारे कपड़े फाडकर बेइज्जत किया गया था
उन्होंने कहा- जल जीवन मिशन में घोटाले का मुद्दा उठाया, एफआइआर की मांग को लेकर 3 दिन तक अशोक नगर थाने पर धरना दिया था। इसके विपरित मुझे गिरफ्तार कर चाकसू ले जाया गया। पिछले राज में मैंने जो भी मामले उठाए, धरना-प्रदर्शन किए, वीरांगना के मामले में तो हमारे कपड़े फाडकर बेइज्जत किया गया। जबकि मैंने पूरे प्रमाण के साथ पूर्व की सरकार के समक्ष बात रखी थी। यदि पूर्ववर्ती सरकार मेरी बात मान जाती तो आज उनकी इतनी दुर्दशा नहीं होती। कांग्रेस ने बर्बाद किया युवाओं का भविष्य
कृषि मंत्री ने कहा- कांग्रेस राज में भर्ती परीक्षाओं के 18 में से 17 पेपर लीक होने के साक्ष्य मैंने मीडिया के सामने रखे थे। तत्कालीन सीएम अशोक गहलोत को आग्रह किया, लेकिन उन्होंने सुनी नहीं। अब हमारी सरकार ने कार्रवाई की तो 67 एसआई जेल में हैं, दो आरपीएससी मेंबर जेल में हैं। जेजेएम घोटाले में पूर्व मंत्री महेश जोशी जेल में हैं। जिन-जिन ने भी प्रदेश को लूटा और युवाओं का भविष्य बर्बाद किया, उनके खिलाफ हमारी सरकार एक्शन ले रही है। द्वेषतापूर्ण कार्रवाई बताना पूरी तरह गलत
वहीं पूर्व सीएम गहलोत के आरोपों पर कहा कि मैंने उस वक्त कहा कि 20 हजार करोड के टेंडर में गडबडी हुई है। 900 करोड के टेंडरों में घपले होने के प्रमाण दिए थे। ऐसे में यदि सुबोध अग्रवाल आरोपी है तो तत्कालीन मंत्री महेश जोशी भी दोषी है। ऐसे में गहलोत द्वारा इसे द्वेषतापूर्ण कार्रवाई बताना पूरी तरह गलत है। कृषि मंत्री नांगल क्षेत्र के मानपुरिया गांव जाते वक्त दौसा में आरपीएससी के पूर्व सदस्य विनोद बिहारी शर्मा के निवास पर रूके थे। जहां उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की। मंत्री ने गांव में लगाई रात्रि चौपाल, समस्याएं सुनी
कृषि मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने मानपुरिया गांव में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी, साथ ही सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। मंत्री ने लोगों की समस्याओं का मौके पर मौजूद अधिकारियों से तत्काल निराकरण करवाया। उन्होंने कहा कि ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के तहत 23 से 25 मई को जयपुर में आयोजित होगी। जहां किसान, निवेशक और उद्योगपतियों को एक मंच पर लाकर एग्रीकल्चर बेस इंडस्ट्रीज विकसित करने पर चर्चा होगी। एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट को बढ़ावा मिले और आधुनिक तकनीक से खेती की किसानों को जानकारी दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का किसान संपन्न हो। इसके लिए गांव-गांव में ग्राम रथ के माध्यम से भी उन्हें योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
Source link

