नई दिल्ली. 2023 में जब 61 साल के एक्टर आशीष विद्यार्थी ने असम की फैशन एंटरप्रेन्योर रूपाली बरुआ से शादी की, तो ये खबर हर तरफ छा गई. आशीष विद्यार्थी बॉलीवुड के वो खूंखार खलनायक हैं जिन्हें आपने ज्यादातर फिल्मों में गुंडा बनकर हीरो की पिटाई करते देखा होगा. 60 साल की उम्र में दोबारा शादी करने के बाद आशीष रियल लाइफ में भी विलेन जैसे बन गए थे. सोशल मीडिया पर लोग उनके बारे में अलग-अलग तरह की बातें करने लगे थे, लेकिन 60 की उम्र में दोबारा शादी और 22 साल के रिश्ते के टूटने के बाद उनकी एक्स-वाइफ पीलू विद्यार्थी लाइमलाइट से एकदम दूर थीं. यहां तक कि पति से अलग होने के बाद भी उन्होंने अपने एक्स-हस्बैंड का सरनेम नहीं बदला. हाल ही में एक्ट्रेस ने इसपर चुप्पी तोड़ी है.
एक्ट्रेस पीलू विद्यार्थी ने न्यूज18 शोशा के साथ बात करते हुए बताया कि आखिर क्यों उन्होंने पति से अलग होने के बाद उनका सरनेम ‘विद्यार्थी’ अभी तक नहीं बदला. इसके साथ ही दिग्गज एक्ट्रेस ने अपनी 22 साल की शादी और फिर अलग होने के अपने फैसले के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि वो फिर से प्यार के लिए तैयार हैं.
पीलू विद्यार्थी ने तलाक के बाद भी नाम न बदलने पर तोड़ी चुप्पी
जब पीलू से पूछा गया कि वो अब भी ‘विद्यार्थी’ सरनेम क्यों इस्तेमाल कर रही हैं, तो उन्होंने बड़ी सादगी से बताया, ‘हमारे देश में नाम बदलना आसान नहीं है. आधार कार्ड का पता बदलवाने में ही परेशान हूं. अगर दोबारा शादी करूंगी तो नाम बदलना आसान होगा. वैसे भी इस नाम से मेरी एक कहानी जुड़ी है और इसे बदलने की कोई मजबूरी नहीं दिखती. न मुझे कोई दिक्कत है, न आशीष को.’
एक्ट्रेस ने एक्स-हस्बैंड की दूसरी पत्नी के बारे में की बात
आशीष की दूसरी पत्नी रूपाली को लेकर पीलू ने कहा, ‘रूपाली अब अपना नाम बरुआ लिखती हैं, मैं विद्यार्थी लिखती हूं. इसमें किसी को कोई दिक्कत नहीं. वो भी बहुत सरल स्वभाव की हैं.’
पीलू ने शादियों और रिश्तों पर अपनी सोच भी साफ-साफ बताई. उन्होंने कहा, ‘आजकल की कई शादियां सिर्फ दिखावा हैं. मैंने और आशीष ने समझदारी से अलग होने का फैसला लिया, क्योंकि हम दोनों अलग किस्म के इंसान हैं. अब आशीष को कोई मिल गया है जो उनके लिए सही है. मैं उनके लिए खुश हूं और अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हूं.’
जब उनसे पूछा गया कि क्या वो फिर से प्यार करने के लिए तैयार हैं, तो पीलू ने कहा, ‘हां, मैं पूरी तरह आगे बढ़ चुकी हूं. मुझे किसी चीज की कमी महसूस नहीं होती, बस कभी-कभी साथी की कमी खलती है. लेकिन फिलहाल मेरी दोबारा शादी का कोई प्लान नहीं. हां, प्यार के लिए दिल खुला है, पर शादी का इरादा नहीं.’