मैहर जिले के रामनगर ब्लॉक स्थित मनकीसर धान खरीदी केंद्र की अव्यवस्थाओं का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो एक किसान ने बनाया गया है, जिसमें खरीदी केंद्र की बदहाल व्यवस्था को उजागर किया गया है।
.
वीडियो में किसान ने बताया कि खरीदी केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। केंद्र संचालक की लापरवाही के कारण किसानों को स्वयं ही खाली बोरों में धान भरना, उनकी सिलाई करना और भारी-भरकम बोरे उठाकर तौल केंद्र तक ले जाना पड़ रहा है।
किसान ने यह भी आरोप लगाया कि खरीदी केंद्र पर धान की तौल के लिए मात्र एक ही व्यक्ति नियुक्त किया गया है। इस कारण किसानों को घंटों लाइन में खड़ा रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। इस स्थिति से किसान और उनके परिवारजन बेहद नाराज हैं।
पिछली चोरी के बाद भी नहीं सुधरी केंद्र की व्यवस्था
किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही इन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया, तो उन्हें और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि इसी मनकीसर धान खरीदी केंद्र में पिछले वर्ष लगभग 4200 क्विंटल धान की चोरी का मामला सामने आया था, जिस पर कार्रवाई भी की गई थी। इसके बावजूद, केंद्र की व्यवस्थाओं में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।

