राजस्थान में मानसून पर ब्रेक लगने के बाद गर्मी बढ़ने लगी है। बीकानेर संभाग के तीन जिलों में रविवार को पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। रविवार शाम जयपुर, अलवर और दौसा जिले में बारिश हुई। राज्यभर में कहीं भी तेज बरसात नहीं हुई।
.
मौसम विभाग ने 20 जुलाई (सोमवार) को 24 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जो अगले तीन दिन तक जारी रहेगा। इस दौरान तेज हवा के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटे में झुंझुनूं, सीकर, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, जयपुर, दौसा, करौली, बूंदी और अजमेर जिले में बादलों की आवाजाही रही। माउंट आबू में रविवार को जहां 2.5 एमएम बारिश हुई। वहीं, चित्तौड़गढ़ में हल्की बारिश हुई।
अब तक बारिश की स्थिति
राजस्थान में मौसम की तस्वीर

जयपुर में रविवार शाम बादल छाए। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई।
बीकानेर संभाग सबसे गर्म
कमजोर मानसून के चलते बीकानेर संभाग सबसे ज्यादा गर्म रहा। संभाग के बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू जिले में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। चूरू सबसे गर्म रहा, जहां पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस था। बीकानेर में 41.2 और श्रीगंगानगर में 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा। फतेहपुर में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। दौसा में 39.1, अलवर में 38, फलोदी में 39, झुंझुनूं में 38.9 और सीकर में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
ये जिले सबसे गर्म रहे


आगे क्या…




राजस्थान के बड़े शहरों में कैसा रहा मौसम
जयपुर : राजधानी में तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। यहां अब तक तापमान सामान्य से करीब साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहता था, जो अब घट गया है। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रहा। जो एक दिन पहले की तुलना में करीब एक डिग्री सेल्सियस कम है। रात की तपन बढ़ी है। रात में न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस हो गया।

जयपुर में रविवार शाम हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे उमस बढ़ गई।
अजमेर : यहां पिछले 10 दिन से शहर वासियों को बरसात का इंतजार है। रविवार को दिनभर धूप खिली रही। गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। शनिवार के मुकाबले तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 36.7 और न्यूनतम 26.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मानसून सक्रिय होगा और अजमेर में बरसात होगी।

अजमेर में रविवार को तेज धूप ने लोगों को परेशान किया।
कोटा : यहां रविवार को अधिकतम 33.8 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री रहा। रविवार को बादल छाए रहे। हवा नहीं चलने से उमस का दौर जारी रहा। बारिश नहीं होने से किसानों की भी चिंता बढ़ गई है।

कोटा में सुबह से ही बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप ने भी परेशान किया।
अलवर : जिले में रविवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला रहा। पिछले कुछ दिनों की तुलना में गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान 38 डिग्री से घटकर 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर बाद आसमान में बादल छाए, जिससे मौसम सुहावना हो गया। जिले के माधोगढ़, नटनी का बारा, कुशलगढ़, अकबरपुर, सिलीसेढ़ सहित कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। बारिश और बादलों के कारण उमस में भी कुछ कमी महसूस की गई।

अलवर में रविवार शाम बारिश हुई। इससे लोगों को राहत मिली।
जोधपुर : जिले में रविवार को मौसम गर्म और उमस भरा रहा। अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 21 जुलाई तक मौसम के ड्राई रहने का अनुमान जताया है। 22 से 24 जुलाई के बीच बारिश की संभावना जताई है।

जोधपुर में रविवार को मौसम साफ रहा। पारा सामान्य से ऊपर पहुंच गया।
उदयपुर : लेक सिटी में रविवार को भी उमस रही। इसके कारण शहर के पर्यटन स्थलों पर टूरिस्ट की संख्या कम नजर आई। दिन के तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। दिन का तापमान 31.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से मौसम में कुछ बदलाव देखा जा सकता है।

उदयपुर में बादल छाए, लेकिन गर्मी कम नहीं हुई। उमस के कारण टूरिस्ट भी कम हुए।
सीकर : जिले में रविवार सुबह से लेकर शाम तक आसमान में बादलों की आवाजाही रहने के साथ उमस रही। आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया।

सीकर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई।

