अंगद राही| शिवगढ़, रायबरेली3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जांच पड़ताल करते पुलिस।
रायबरेली में शिवगढ़ थाना क्षेत्र के असहन-जगतपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शनिवार सुबह करीब 10 बजे हसवां गांव निवासी श्रवण कुमार पुत्र तेज बहादुर का शव असहन जगतपुर स्थित शराब के ठेके के सामने सड़क किनारे खन्ती में डूबा मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को खन्ती से बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचाया। वहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव कुमार शुक्ला ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक श्रवण की मां का बचपन में ही निधन हो गया था। इसके बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। तब से वह अपने दादा मैकूलाल के साथ रहने लगा था। कई वर्ष पहले दादा-दादी का भी निधन हो गया था।
इसके बाद श्रवण गांव में एक पालेसर पर काम करने लगा था। अकेलेपन के कारण वह शराब का आदी हो गया था। वह दादा को मिले आवास में रहता था। लेकिन कुछ सालों से आवास जर्जर हो चुका था। इसलिए वह इधर-उधर जहां जगह मिलती, वहीं सो जाता था।
रक्षाबंधन के दिन श्रवण के निधन की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक विन्ध्य विनय ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।

