रायसेन नगर पालिका ने शनिवार को वार्ड 6 में स्थित पुरानी तहसील के जर्जर भवन को गिरा दिया। यह भवन दो स्कूलों के पास स्थित था, जिससे बच्चों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को खतरा था।
.
नगर पालिका सीएमओ सुरेखा जाटव की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहले सड़क के दोनों तरफ बैरिकेड्स लगाए गए। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से भवन को गिराया गया।
सीएमओ सुरेखा जाटव ने बताया कि इससे पहले वार्ड 2 में भी एक जर्जर मकान को गिराया गया था। उन्होंने कहा कि शहर में मौजूद अन्य खंडहर भवनों को भी लोगों की सुरक्षा के लिए गिराया जाएगा।
नगर पालिका ने यह कार्रवाई उन जर्जर भवनों के खिलाफ की, जिन्हें पहले नोटिस चस्पा किए गए थे। स्थानीय लोगों की मांग पर यह कदम उठाया गया, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

