Monday, June 8, 2026
Homeविदेशवर्ल्ड अपडेट्स: डोमिनिकन रिपब्लिक में प्राइवेट जेट क्रैश, रनवे पर आग...

वर्ल्ड अपडेट्स: डोमिनिकन रिपब्लिक में प्राइवेट जेट क्रैश, रनवे पर आग का गोला बना; पायलट और को-पायलट की मौत


  • Hindi News
  • International
  • World News Updates: US Iran Tension, Israel Strikes Tehran | Philippines Earthquake, Lebanon Latest News

2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक प्राइवेट जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान रनवे पर उछला और देखते ही देखते आग के बड़े गोले में बदल गया। हादसे में पायलट और को-पायलट की मौत हो गई।

डोमिनिकन सिविल एविएशन इंस्टीट्यूट के मुताबिक, गल्फस्ट्रीम G200 जेट ला रोमाना से अमेरिका के टेक्सास स्थित ऑस्टिन जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान में गंभीर तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने इमरजेंसी घोषित की और एयरपोर्ट लौटने का फैसला किया।

अधिकारियों के अनुसार, विमान एयरपोर्ट से करीब 16 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम में था, जब उसने इमरजेंसी की सूचना दी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान को रनवे पर पीछे के पहियों के सहारे घिसटते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद विमान जोर से उछलता है और कुछ ही सेकेंड में आग के विशाल गोले में बदल जाता है। हादसे के बाद आसमान में धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया।

नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि विमान में कोई यात्री सवार नहीं था। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है।

विमान हादसे का वीडियो…

अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें…

इंग्लैंड के वर्ल्ड कप बेस कैंप के पास फायरिंग में 9 घायल

अमेरिका के कैनसस सिटी में इंग्लैंड की फीफा वर्ल्ड कप-2026 बेस कैंप साइट के पास शनिवार को गोलीबारी हुई, जिसमें 9 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। घटना ऐसे समय हुई है जब उत्तरी अमेरिका में फीफा वर्ल्ड कप-2026 शुरू होने में कुछ ही दिन बाकी हैं।

गोलीबारी कैनसस सिटी स्थित स्वोप सॉकर विलेज के करीब हुई, जिसे वर्ल्ड कप के दौरान इंग्लैंड टीम का ट्रेनिंग बेस कैंप बनाया गया है। घटना स्थल बेस कैंप से करीब 4 मील दूर बताया गया है। हालांकि, इंग्लैंड की टीम अभी वहां नहीं पहुंची है। टीम बुधवार को ऑरलैंडो में कोस्टा रिका के खिलाफ प्री-टूर्नामेंट फ्रेंडली मैच खेलेगी।

कैनसस सिटी पुलिस के अनुसार फायरिंग में घायल सभी 9 लोगों की जान को कोई खतरा नहीं है। इनमें से कम से कम 3 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी संदिग्ध को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच जारी है।

इंग्लैंड वर्ल्ड कप-2026 में ग्रुप L में क्रोएशिया, घाना और पनामा के साथ खेल रहा है। टीम अपना पहला मुकाबला 17 जून को क्रोएशिया के खिलाफ खेलेगी। 1966 की विश्व चैंपियन इंग्लैंड इस बार दूसरा विश्व कप खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

न्यूयॉर्क के पेन स्टेशन पर चाकूबाजी में 5 घायल; संदिग्ध गिरफ्तार

अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी स्थित पेन स्टेशन पर रविवार शाम चाकूबाजी की घटना में 5 लोग घायल हो गए। पुलिस ने हमले के बाद संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में इसे रैंडम हिंसक हमला माना जा रहा है।

न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट के अनुसार घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। दो लोगों को मध्यम और दो को मामूली चोटें आई हैं।

घटना स्थानीय समयानुसार शाम करीब 7 बजे हुई। हमले के बाद पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और बाद में एमट्रैक पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सोमवार को न्यूयॉर्क दौरे पर आने वाले हैं। ट्रम्प मैडिसन स्क्वायर गार्डन में न्यूयॉर्क निक्स और सैन एंटोनियो स्पर्स के बीच होने वाला NBA फाइनल मुकाबला देखने पहुंचेंगे।

पेन स्टेशन सीधे मैडिसन स्क्वायर गार्डन के नीचे स्थित है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। ट्रम्प की यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। इनमें नो-बैग पॉलिसी और एरिना के बाहर प्रस्तावित वॉच पार्टी रद्द करना शामिल है।

जापानी शहर में पहली बार दिखा भालू, 94 स्कूल बंद; रिहायशी इलाके में अलर्ट जारी

जापान के उत्सुनोमिया शहर में पहली बार भालू दिखने के बाद प्रशासन ने सोमवार को सभी 94 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में कक्षाएं निलंबित कर दीं। भालू शनिवार शाम रिहायशी इलाके में देखा गया था और अब तक पकड़ा नहीं जा सका है।

करीब 5 लाख आबादी वाले इस शहर में भालू पहली बार नजर आया है। अधिकारियों के अनुसार उसे एक पार्क के पास स्थित आवासीय क्षेत्र में देखा गया था। सोमवार सुबह भी भालू की मौजूदगी की सूचना मिली। आखिरी बार वह एक मिडिल स्कूल से करीब आधा किलोमीटर दूर दिखाई दिया।

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने अपने अधीन संचालित सभी 94 स्कूलों में पढ़ाई स्थगित कर दी। स्थानीय प्रशासन और वन्यजीव विभाग की टीमें भालू की तलाश में जुटी हुई हैं।

जापान में हाल के वर्षों में भालुओं के हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। पिछले सप्ताह फुकुशिमा शहर में भालू के हमले में कम से कम चार लोग घायल हो गए थे। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसमें एक काला भालू फैक्ट्री परिसर में कर्मचारी पर हमला करता दिखाई दिया।

जापान सरकार ने बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इस साल विशेष टास्क फोर्स का गठन भी किया है।

एशियाई काला भालू वैश्विक स्तर पर संवेदनशील प्रजाति की सूची में शामिल है, लेकिन जापान में 2012 के बाद इसकी संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

जापान में पहली बार कोई मौजूदा मेयर लेंगी मैटरनिटी लीव

जापान के क्योटो प्रीफेक्चर के यावाता शहर की मेयर शोको कावाता देश में इतिहास रचने जा रही हैं। 35 वर्षीय कावाता अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए 16 सप्ताह का मातृत्व अवकाश लेंगी। माना जा रहा है कि जापान में किसी मौजूदा मेयर द्वारा मैटरनिटी लीव लेने का यह पहला मामला है।

2023 में निर्वाचित हुईं कावाता सितंबर के मध्य में मां बनने वाली हैं। उन्होंने प्रसव से पहले 8 सप्ताह और प्रसव के बाद 8 सप्ताह के अवकाश की घोषणा की है। जापान में सरकारी कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश का अधिकार है, लेकिन निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए ऐसा कोई स्पष्ट कानूनी प्रावधान नहीं है।

कावाता ने कहा कि उनका फैसला व्यवस्था में बदलाव की दिशा में एक पहल साबित हो सकता है। उनके अनुसार महिलाओं को करियर और मातृत्व में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यस्थलों और सरकारी संस्थाओं में बेहतर लैंगिक समानता की जरूरत पर जोर दिया।

हालांकि सोशल मीडिया पर उनके फैसले की आलोचना भी हुई, लेकिन कावाता का कहना है कि स्थानीय नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों ने उनके निर्णय का समर्थन किया है। उनकी अनुपस्थिति में यावाता शहर का प्रशासनिक कामकाज एक डिप्टी अधिकारी संभालेगा।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब जापान घटती जन्मदर और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अत्यधिक कार्यसंस्कृति और कार्य-जीवन संतुलन की कमी के कारण कई युवा परिवार शुरू करने से हिचकते हैं।

खबरें और भी हैं…



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments