शेखपुरा की कोरमा थाना पुलिस ने शिक्षकों के साथ मारपीट के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गुरुवार को सहरा गांव में छापेमारी के दौरान हुई।
.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान स्व. राम किशुन महतो के पुत्र प्रताप महतो और इतवारी महतो के पुत्र भासो महतो के रूप में हुई है। छापेमारी का नेतृत्व कोरमा थाना अध्यक्ष सह पुलिस सब इंस्पेक्टर मुरारी कुमार ने किया।
पुलिस ने आरोपियों को किया अरेस्ट ।
थाने में 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी
कोरमा थाना अध्यक्ष मुरारी कुमार ने बताया कि यह मामला वर्ष 2010 का है। उस समय सहरा गांव स्थित प्राइमरी स्कूल में कुछ ग्रामीण किसी बात को लेकर आक्रोशित हो गए थे और उन्होंने स्कूल में घुसकर शिक्षकों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी।
घटना के संबंध में स्कूल के तत्कालीन हेडमास्टर (एचएम) ने स्थानीय थाने में 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले के सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिसके बाद कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए थे।
पुलिस ने कोर्ट द्वारा जारी वारंट के आधार पर इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों फरार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में शेखपुरा जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।

