Saturday, November 14, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशसवारी बनकर आए बदमाशों ने ई-ऑटो चालक की हत्या की: कानपुर...

सवारी बनकर आए बदमाशों ने ई-ऑटो चालक की हत्या की: कानपुर में पत्थर से सिर और चेहरा कुचला, ऑटो-मोबाइल लेकर भागे – Kanpur News




कानपुर में सवारी बनकर आए बदमाशों ने पहले ई-ऑटो चालक को सुनसान मैदान तक पहुंचाया और फिर बेरहमी से सिर व चेहरा पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश उसका ई-ऑटो और मोबाइल लेकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह चकेरी के टटियन झनाका में मिले शव की पहचान मंधना निवासी 40 वर्षीय ब्रजनंदन यादव के रूप में हुई है। रात करीब 9 बजे पत्नी से आखिरी बातचीत के बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला था। पुलिस की जांच में अबतक सामने आया कि, ब्रजनंदन यादव ई-ऑटो में चार्जिंग करने के बाद गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे ई-ऑटो लेकर घर से निकला था। रात 9 बजे पत्नी आशा देवी से फोन पर बातचीत में उसने बताया था कि सवारी लेकर आया है और जल्द घर लौटेगा। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। शुक्रवार सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन मंधना चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे। इसी दौरान पोस्टमार्टम हाउस से चकेरी में मिले अज्ञात शव की जानकारी मिली। थाने पहुंचने पर हाथ में बने टैटू और फोटो से उसकी पहचान हुई। – पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। घटनास्थल की ओर जाने वाली गली में रात के दौरान करीब 22 ई-ऑटो गुजरते दिखाई दिए हैं। अंधेरा होने के कारण इनके नंबर स्पष्ट नहीं हो सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनमें ब्रजनंदन का ई-ऑटो कौन सा था और उसमें कितने लोग सवार थे। GPS बना तो खुल सकता है वारदात का पूरा रूट – ई-ऑटो की बैटरी में GPS ट्रैकिंग डिवाइस लगा होने की स्थिति में पुलिस के लिए जांच आसान हो सकती है। GPS यानी ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम सैटेलाइट की मदद से वाहन की लोकेशन बताता है। इसके रिकॉर्ड से वाहन के संभावित रूट, ठहराव और आखिरी लोकेशन की जानकारी मिल सकती है। हालांकि, यह तभी संभव होगा जब ऑटो में GPS डिवाइस लगा हो और उसका लोकेशन डेटा उपलब्ध हो। जानिए ई-ऑटो में GPS सिस्टम क्या होता है?
GPS (Global Positioning System) एक ऐसी तकनीक है, जिससे किसी ई-ऑटो की सटीक लोकेशन का पता लगाया जा सकता है। इसके लिए ऑटो में एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाया जाता है, जो सैटेलाइट की मदद से वाहन की लोकेशन ट्रैक करता है।

जानिए ई-ऑटो में GPS कैसे काम करता है?
1. लोकेशन ट्रैकिंग – ऑटो इस समय किस जगह है, इसका पता चलता है।
2. रूट हिस्ट्री – ऑटो किन-किन रास्तों से होकर गुजरा, इसकी जानकारी मिल सकती है।
3. आखिरी लोकेशन – ऑटो की आखिरी दर्ज लोकेशन पता चल सकती है।
4. रुकने की जानकारी – ऑटो कहां और कितनी देर रुका था, यह पता चल सकता है।
5. समय की जानकारी – किसी निर्धारित समय पर ऑटो कहां था, इसकी जानकारी मिल सकती है।

पुलिस मृतक ब्रजनंदन यादव के मोबाइल की कॉल डिटेल और आखिरी लोकेशन भी खंगाल रही है। मोबाइल की अंतिम लोकेशन सरसौल मिलने की जानकारी सामने आई है, इसके बाद से मोबाइल बंद हो गया। वहीं, घटनास्थल से मोबाइल की आखिरी लोकेशन की दूरी करीब 20 किलोमीटर दूरी पर है। ऐसे में पुलिस इस रूट पर भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी इसी दिशा में भागे थे या पुलिस को गुमराह करने के लिए दूसरा रास्ता अपनाया गया।

करीबियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
– पुलिस ब्रजनंदन के परिचितों, ऑटो चालक, साथ में उठने-बैठने वालों और पुरानी रंजिश के पहलुओं की भी जांच कर रही है। वहीं टटीयन झनाका के स्थानीय लोगों ने घटनास्थल वाले मैदान में जुआ और अन्य गतिविधियां होने की बात कही है। हालांकि, हत्या का इन गतिविधियों से कोई संबंध होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

ब्रजनंदन की पत्नी आशा देवी फैक्ट्री में काम करती हैं। परिवार में 18 वर्षीय बेटी अंशिका और 15 वर्षीय बेटा अंकुश है। पिता गया प्रसाद और मां प्रेमा देवी भी परिवार के साथ रहते हैं।

घर से घटनास्थल तक चार टीम कर रही जांच
– पुलिस के अनुसार, मंधना के परसौली गांव स्थित मृतक ब्रजनंदन के घर से घटनास्थल पर चार टीम जांच कर रही है। ताकि ब्रजनंदन किस रुट से रामादेवी पहुंचा और साथ में कितने लोग मौजूद थे। वहीं दूसरी तरफ कॉल ई-ऑटो बुक करने की बात भी सामने आ रही है।

अब पुलिस के सामने पांच बड़े सवाल
1. ब्रजनंदन को रात में रामादेवी किसने बुलाया था?
2. क्या हत्यारे पहले से उसके परिचित थे?
3. ई-ऑटो में GPS डिवाइस लगा था या नहीं?
4. हत्या के बाद मोबाइल और ई-ऑटो किस रास्ते से ले जाए गए?
5. वारदात के पीछे वाहन लूट थी या पुरानी रंजिश?

थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि, 4 टीमें खुलासे के लिए लगाई गई है। 100 से अधिक सीसीटीवी खांगले गए हैं। जल्द मामले का खुलासा किया जायेगा।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments