कटनी में सस्ते सोने का लालच देकर 8 लाख रुपए की डकैती करने वाले पारधी गिरोह का कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार पुरुष और दो महिलाओं सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से डकैती की पूरी रकम,
.
रक्षाबंधन पर हुई पहचान, फिर रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार फरियादिया बबीता डेहरिया, निवासी हडई गांव (थाना हर्रई, जिला छिंदवाड़ा) की रक्षाबंधन के दौरान कटनी रेलवे स्टेशन पर एक पारधी महिला से मुलाकात हुई थी। महिला ने सस्ते सोने का झांसा दिया, जिसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी।
करीब 20 दिन पहले बबीता अपने भाई विशन लाल उईके के साथ मुड़वारा स्टेशन के पास उसी महिला से मिली, जहां दो अन्य पुरुष भी मौजूद थे। आरोपियों ने सोने जैसी दिखने वाली गिन्नियां दिखाकर बताया कि उनके पास 7–8 किलो सोना है और जल्द सौदा करने का दबाव बनाया।
8 लाख रुपए लेकर बुलाया, फिर की लूट
24 दिसंबर 2025 को पारधी महिला के बुलावे पर फरियादिया पक्ष के पांच लोग 8 लाख रुपए नकद लेकर कार से कटनी पहुंचे। आरोपियों द्वारा भेजे गए लोकेशन पर सभी खरखरी रकूल के पास पहुंचे, जहां पहले से कुछ आरोपी मौजूद थे।
पैसे दिखाते ही आरोपियों ने उन्हें घेर लिया, गाली-गलौज की और चाकू दिखाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। दो मोबाइल फोन भी ले लिए गए और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी दो बाइक से फरार हो गए।
नाकाबंदी कर 6 आरोपी दबोचे गए
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिलेभर में टीमें गठित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों और पीड़ितों के बताए हुलिए के आधार पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध पारधी गिरोह कैलवारा बायपास के पास देखा गया है।
संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मौके से सभी छह आरोपियों को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली।

8 लाख कैश, हथियार और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 लाख रुपए नकद, चार चाकू, वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें (अनुमानित कीमत 2.20 लाख रुपये), छह मोबाइल फोन (करीब 1.25 लाख रुपये) और करीब 250 ग्राम सोने जैसी धातु की गिन्नियां बरामद की हैं।
संयुक्त पुलिस टीम की अहम भूमिका रही
इस कार्रवाई में एसपी अभिनय विश्वकर्मा, एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय सहित कोतवाली, माधवनगर, रंगनाथनगर, बस स्टैंड चौकी और थाना रीठी की संयुक्त टीमों की अहम भूमिका रही।

