सहरसा शहर के पश्चिम गंगजला मुख्य मार्ग पर स्थित ए.के. ट्रेडर्स में चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से का चदरा काटकर करीब 1.10 लाख रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
.
चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया। गुरुवार को चोरी की वारदात का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
दुकानदार धीरज कुमार सिंह ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
रात में दुकान बंद कर घर लौटे, सुबह खुला चोरी का राज
दुकानदार धीरज कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से का चदरा काटकर अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
CCTV कैमरे तोड़े, चदरा काटकर दुकान में घुसे चोर
चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान सामने नहीं आ सके। चदरा काटे जाने के कारण बारिश का पानी भी दुकान के अंदर घुस गया, जिससे कई सामान खराब हो गए। पुलिस अब सामने आए वीडियो और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है।
सरसों-धारा तेल और सुपारी-जर्दा समेत सामान चोरी
दुकानदार के अनुसार चोरों ने कैश काउंटर से खुले रुपये के अलावा करीब 1,10,248 रुपये का किराना सामान चोरी किया।
इसमें करीब 40 हजार रुपये का सरसों व धारा तेल, 35 हजार रुपये की रजनीगंधा, तुलसी, मयूर सुपारी और जर्दा शामिल है।
इसके अलावा करीब 25 हजार रुपये का पतंजलि घी, एवरेडी घी, काजू और टाटा गोल्ड चायपत्ती भी चोरी हुई है।
चोरी के बाद व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता
मुख्य मार्ग स्थित दुकान में चोरी की घटना के बाद आसपास के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किए जाने की जरूरत है।
पुलिस ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
दुकानदार की शिकायत पर सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस चोरी के सामने आए वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

