Thursday, October 8, 2026
Homeराज्यराजस्तानसाईं सेंटर के खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय-स्कूल वेटलिफ्टिंग में जीते पदक: प्रतियोगिता...

साईं सेंटर के खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय-स्कूल वेटलिफ्टिंग में जीते पदक: प्रतियोगिता में जयपुर सेंटर के खिलाड़ियों ने जीते 9 पदक, 5 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन – Jaipur News




भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के जयपुर सेंटर के वेटलिफ्टिंग खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में कुल 9 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 5 स्वर्ण, 2 रजत एवं 2 कांस्य पदक जीतकर सेंटर का गौरव बढ़ाया। साई जयपुर सेंटर के वेटलिफ्टिंग कोच कुलदीप सिंह शेखावत ने बताया कि सहायक निदेशक साहिला और सेंटर इंचार्ज जॉय चाको के निर्देशन में खिलाड़ियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, तकनीक, फिटनेस तथा प्रतियोगिताओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसी नियमित अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है कि खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। 26 नवंबर को मणिपुर में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता कोच शेखावत ने बताया कि प्रतियोगिता में दीपांशु राणा, आयुष कुमार, यश पवार, अंशुल एवं आलोक कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं रावेंद्र एवं प्रियांशु ने रजत पदक प्राप्त किए। इसके अलावा आग्निक एवं रितेश नायक ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दीपांशु राणा, आयुष कुमार, यश पवार, अंशुल एवं आलोक कुमार का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया (SGFI) की राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 26 नवंबर से मणिपुर में आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। कोच कुलदीप सिंह शेखावत ने बताया कि साई जयपुर सेंटर में खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय उपकरण एवं उत्कृष्ट खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध है। यहां खिलाड़ियों के खेल कौशल एवं प्रदर्शन में सुधार के लिए विशेषज्ञों द्वारा नियमित एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण दिया जाता है। सेंटर का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, उचित पोषण एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इस अवसर पर कबड्डी कोच राहुल कुमार सहित सेंटर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments