Last Updated:
Oil Import Bill : देश में सिर्फ कच्चे तेल का आयात ही नहीं बढ़ रहा है, बल्कि खाने के तेल का आयात भी बढ़ता जा रहा है. सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने हालिया आंकड़े में बताया कि बीते तेल वर्ष में खाद्य तेलों का आयात बिल बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है. इस दौरान तेल आयात में 6 फीसदी बढ़ोतरी हुई तो इसकी कीमत में 24 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
भारत अपनी जरूरत का 60 फीसदी खाद्य तेल आयात करता है.
नई दिल्ली. भारत का आयात बिल 2 चीजों पर ही सबसे ज्यादा आता है और दोनों ही चीजें तेल से जुड़ी हैं. सबसे ज्यादा खर्चा कच्चे तेल पर आता है, लेकिन खाद्य तेल पर भी हमें मोटा पैसा खर्च करना पड़ता है. उद्योग संगठन सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) ने आंकड़े जारी कर बताया है कि भारत का खाद्य तेल आयात तेल वर्ष 2025-26 (नवंबर-अक्टूबर) में 6 फीसदी बढ़कर 1.69 करोड़ टन हो गया. तेल की कीमतों में उछाल के कारण इसका आयात खर्च 24 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
एसईए ने कहा कि तेल वर्ष 2024-25 में भारत का कुल आयात 1.60 करोड़ टन रहा था और इस पर करीब 1,61,126 करोड़ रुपये खर्च हुए थे. गैर-खाद्य तेलों सहित कुल वनस्पति तेलों का आयात भी 5 फीसदी बढ़कर 1.72 करोड़ टन हो गया, जो एक साल पहले 1.63 करोड़ टन था. भारत घरेलू सप्लाई और डिमांड के बीच अंतर को पूरा करने के लिए साल 1990 के दशक से खाद्य तेलों का आयात कर रहा है. एसईए के अनुसार, पिछले 20 वर्षों में खाद्य तेलों के आयात की मात्रा 2.8 गुना बढ़ी है, जबकि इस पर होने वाला खर्च करीब 15 गुना बढ़ गया है.
कम हो रहा रिफाइंड तेल का आयात
एसईए ने बताया कि तेल वर्ष 2025-26 में रिफाइंड खाद्य तेलों का आयात घटकर 8.2 लाख टन रह गया, जो इससे पिछले वर्ष 17.4 लाख टन था. कुल आयात में इनकी हिस्सेदारी भी 11 फीसदी से घटकर 5 फीसदी रह गई. इसकी मुख्य वजह इंडोनेशिया और मलेशिया से रिफाइंड पामोलीन का लगभग न के बराबर आयात होना है. इस दौरान मुख्य रूप से नेपाल से रिफाइंड सोयाबीन तेल का आयात हुआ, जिसमें उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई. दूसरी ओर, कच्चे खाद्य तेलों का आयात 1.42 करोड़ टन से बढ़कर 1.61 करोड़ टन हो गया. कुल आयात में इसकी हिस्सेदारी भी 89 फीसदी से बढ़कर 95 फीसदी हो गई. इसकी प्रमुख वजह रिफाइंड पामोलीन के स्थान पर कच्चे पाम तेल की ज्यादा खरीदारी रही है.
किस तेल की सबसे ज्यादा खरीदारी
संगठन ने बताया कि पाम तेल का आयात 75.8 लाख टन से बढ़कर 82.3 लाख टन हो गया, जबकि सोयाबीन और सूरजमुखी जैसे नरम तेलों का आयात 84.3 लाख टन से बढ़कर 87 लाख टन पहुंच गया है. कुल खाद्य तेल आयात में पाम तेल की हिस्सेदारी 47 फीसदी से बढ़कर 49 फीसदी हो गई, जबकि नरम तेलों की हिस्सेदारी 53 फीसदी से घटकर 51 फीसदी रह गई. एसईए के अनुसार, एक नवंबर को बंदरगाहों पर खाद्य तेल का भंडार अस्थायी अनुमान के मुताबिक 13.5 लाख टन था. वहीं, कारखानों, डिपो, वितरकों और खुदरा विक्रेताओं के पास मौजूद भंडार 9.5 लाख टन रहने का अनुमान है. एक नवंबर को खाद्य तेल का कुल भंडार 23.1 लाख टन था, जो एक अक्टूबर के 20.7 लाख टन के मुकाबले 2.3 लाख टन अधिक है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…

