सीतामढ़ी सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर थाना क्षेत्र की गौशाला चौक निवासी मधुरानी कुमारी को सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे।
.
अस्पताल में न तो डॉक्टरों ने समय पर इलाज शुरू किया और न ही स्टाफ ने कोई सहयोग किया। शिकायत करने पर स्थिति और बिगड़ गई। उपाधीक्षक कार्यालय में तैनात पिरामल फाउंडेशन के एक कर्मचारी ने मरीज के पिता को धक्का दिया।
साथ ही उनसे अभद्र व्यवहार किया। एक चिकित्सक ने भी परिजनों से अशोभनीय व्यवहार किया।
बिना इलाज के घर लौटे मरीज और परिजन
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पिरामल फाउंडेशन का कर्मचारी मरीज के पिता को उंगली दिखाकर अपशब्द कहता दिख रहा है। लगातार दुर्व्यवहार और डॉक्टरों की लापरवाही से परेशान होकर परिजनों को मरीज को बिना इलाज के घर ले जाना पड़ा।
दोषी पाए जाने पर कर्मी और चिकित्सक पर विभागीय कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि, सदर अस्पताल में मरीजों के साथ दुर्व्यवहार की यह पहली घटना नहीं है। जिम्मेदार अधिकारी इस पर कोई कार्रवाई नहीं करते। सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार ने कहा कि, मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी और चिकित्सक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

