Sunday, November 29, 2026
Homeराज्यदिल्लीस्टालिन-पवार से मिलने का सुझाव TMC सांसद ने दिया: सोनिया और...

स्टालिन-पवार से मिलने का सुझाव TMC सांसद ने दिया: सोनिया और ममता को चेन्नई ले जाने पर सहमति बनी; सीक्रेट रखा गया था प्लान


2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

एमके स्टालिन और शरद पवार को मनाने के लिए मुंबई और चेन्नई जाने का आइडिया इंडिया ब्लॉक की बैठक में TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने दिया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेरेक ने बैठक में कहा था कि सोनिया गांधी विपक्षी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करें। स्टालिन और पवार को परिसीमन बिल का समर्थन न करने के लिए मनाएं।

इस प्लान के तहत INDIA ब्लॉक के 6 विपक्षी दल के नेता सोनिया, राहुल, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, मीसा भारती रविवार को चेन्नई पहुंचे। इस पूरे प्लान को रविवार सुबह तक सीक्रेट रखा गया था।

सरकार सोमवार को लोकसभा में परिसीमन बिल पेश करेगी। DMK और शरद पवार की पार्टी NCP ने समर्थन देने का ऐलान किया है।

INDIA ब्लॉक जानता था कि DMK फैसला नहीं बदलेगा

सूत्रों के मुताबिक, INDIA ब्लॉक के नेताओं को पता था कि DMK अपना फैसला बदलने के लिए तैयार नहीं होगा। इसके बावजूद वे स्टालिन और पवार से मिलकर उन्हें मनाने की कोशिश करना चाहते थे। वे यह दिखाना चाहते थे कि बिल को पास होने से रोकने के लिए उन्होंने आखिरी समय तक पूरी कोशिश की।

सोनिया गांधी को प्रतिनिधिमंडल में शामिल करने का मकसद यह भी था कि स्टालिन खुद सभी नेताओं से मिलें। ऐसा न हो कि वे मुलाकात के लिए DMK के किसी दूसरे नेता को भेज दें।

डेरेक ओ’ब्रायन का मानना था कि INDIA ब्लॉक को यह कोशिश पूरे सम्मान और विनम्रता के साथ करनी चाहिए।

बैठक में शामिल एक नेता ने कहा कि सभी इस बात पर सहमत थे कि उन्हें स्टालिन और पवार से बात करनी चाहिए। विपक्षी गठबंधन के तौर पर यह उनकी जिम्मेदारी थी, ताकि इतिहास में दर्ज रहे कि उन्होंने आखिरी समय तक बिल को रोकने की कोशिश की थी।

INDIA ब्लॉक की कोशिश थी कि अगर DMK बिल का विरोध करने के लिए तैयार नहीं होती, तो कम से कम वोटिंग से दूर रहे।

शनिवार को खड़गे के आवास पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ बैठक हुई।

शनिवार को खड़गे के आवास पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ बैठक हुई।

कनिमोझी ने खड़गे से कहा- DMK फैसला नहीं बदलेगी

DMK सांसद कनिमोझी को रविवार सुबह पता चला कि INDIA ब्लॉक के नेता स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं। वह तुरंत खड़गे के आवास पहुंचीं। बताया कि DMK परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला ले चुकी है। अब पार्टी पीछे नहीं हटेगी।

खड़गे ने कहा कि विपक्षी नेता इसके बावजूद स्टालिन से मिलेंगे। इसके बाद कनिमोझी और दयानिधि मारन दोपहर 12:10 बजे की फ्लाइट से चेन्नई रवाना हुए।

स्टालिन से मुलाकात में सोनिया आगे क्यों?

डेरेक ओ’ब्रायन के सुझाव पर कांग्रेस सहमत हुई। इसके बाद TMC प्रमुख ममता बनर्जी और गठबंधन के दूसरे नेताओं को भी इसकी जानकारी दी गई।

सोनिया गांधी की मौजूदगी इसलिए अहम मानी गई, क्योंकि स्टालिन के परिवार से उनके पुराने और अच्छे संबंध हैं।

सोनिया ने ही दिसंबर 2003 में DMK को कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल कराया था। उस समय स्टालिन के पिता एम करुणानिधि पार्टी के प्रमुख थे।

सोनिया के लिए यह फैसला आसान नहीं था। 1997 में कांग्रेस ने जैन आयोग की रिपोर्ट के बाद संयुक्त मोर्चा सरकार से समर्थन वापस ले लिया था।

आयोग ने राजीव गांधी की हत्या की जांच के दौरान DMK पर LTTE को कथित समर्थन देने की बात कही थी।

इसके बावजूद सोनिया ने 2003 में DMK के साथ गठबंधन किया। उन्होंने अपनी आत्मकथा में इसे सबसे चुनौतीपूर्ण काम बताया था।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments