Thursday, May 28, 2026
Homeफूडस्वाद-सेहत का परफेक्ट कॉम्बिनेशन, छत्तीसगढ़ की मुनगा भाजी-दाल है देसी सुपरफूड

स्वाद-सेहत का परफेक्ट कॉम्बिनेशन, छत्तीसगढ़ की मुनगा भाजी-दाल है देसी सुपरफूड


Last Updated:

Bilaspur News: इस पारंपरिक सब्जी को बनाने के लिए सबसे पहले मुनगा के पेड़ से ताजी पत्तियां तोड़कर अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद पत्तियों को हल्का उबालकर अतिरिक्त पानी निकाल दें. अब कुकर में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, सरसों, करी पत्ता और लहसुन का तड़का लगाएं.

बिलासपुर. गर्मी के मौसम में लोग ऐसे खानपान की तलाश करते हैं, जो शरीर को ठंडक दे, पाचन को बेहतर बनाए और सेहत को भी मजबूत रखे. छत्तीसगढ़ की पारंपरिक रसोई में ऐसी कई देसी डिश मौजूद हैं, जिनमें स्वाद के साथ भरपूर पोषण भी मिलता है. इन्हीं में से एक है मुनगा भाजी-दाल, जो गांवों से लेकर शहरों तक लोगों की पसंद बनी हुई है. मुनगा की कोमल पत्तियों और दाल से तैयार यह व्यंजन गर्मी में शरीर को हल्का और ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करता है. कम मसालों में बनने वाली यह डिश स्वाद, पोषण और देसी जायके का शानदार मेल मानी जाती है. स्थानीय खानपान और पारंपरिक व्यंजनों के जानकार आकाश सोनवानी ने इसकी आसान रेसिपी और सेहत से जुड़े फायदे साझा किए हैं.

छत्तीसगढ़ की रसोई में खास पहचान
छत्तीसगढ़ का खानपान अपनी सादगी, देसी स्वाद और पौष्टिकता के लिए जाना जाता है. यहां मौसमी सब्जियों और देसी साग-भाजियों का उपयोग पारंपरिक भोजन में बड़े पैमाने पर किया जाता है. मुनगा भाजी-दाल भी ऐसी ही लोकप्रिय डिश है, जिसे ग्रामीण परिवार रोजमर्रा के खाने से लेकर खास मौकों तक में बनाते हैं. गर्मी के दिनों में यह भोजन हल्का होने के साथ शरीर को जरूरी पोषण भी देता है.

गर्मी में फायदेमंद मुनगा भाजी-दाल
आकाश सोनवानी के अनुसार, मुनगा की पत्तियां आयरन, कैल्शियम, फाइबर और कई जरूरी विटामिन से भरपूर होती हैं. वहीं दाल शरीर को प्रोटीन और ऊर्जा देती है. गर्मी में जब शरीर जल्दी थक जाता है और पाचन कमजोर होने लगता है, तब यह डिश शरीर को संतुलित पोषण देने का काम करती है. यह बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए भी बेहद लाभकारी मानी जाती है.

ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट मुनगा भाजी-दाल
इस पारंपरिक डिश को बनाने के लिए सबसे पहले मुनगा के पेड़ से ताजी पत्तियां तोड़कर अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद पत्तियों को हल्का उबालकर अतिरिक्त पानी निकाल दें. अब कुकर में तेल गर्म करें और उसमें सरसों, जीरा, करी पत्ता और लहसुन का तड़का लगाएं. फिर टमाटर और स्वादानुसार नमक डालकर पकाएं. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर मिलाकर मुनगा की पत्तियां डालें और कुछ देर भूनें. अब इसमें दाल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें और जरूरत के अनुसार पानी मिलाएं. कुकर में तीन सीटी आने तक पकाएं. तैयार है गर्मी के मौसम के लिए स्वाद और पोषण से भरपूर देसी मुनगा भाजी-दाल.

देसी स्वाद के साथ सेहत का खजाना
गर्मी में भारी और तला-भुना भोजन शरीर पर असर डालता है. ऐसे में मुनगा भाजी-दाल जैसे पारंपरिक व्यंजन बेहतर विकल्प माने जाते हैं. यह डिश स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में भी मदद करती है. यही वजह है कि आज भी छत्तीसगढ़ के घरों में यह पारंपरिक रेसिपी लोगों की पहली पसंद बनी हुई है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments