हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को हरियावां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य मेला और जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद वर्ग को बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिले।
स्वास्थ्य मेले और जनकल्याण शिविरों का आयोजन इसी उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करें और नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहें। साथ ही, सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं।
शिविर के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त, विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और रोगों की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अंकुल त्रिपाठी ने स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी साझा की। प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख शशांक सिंह और मंडल अध्यक्ष मुकेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
Source link
हरियावां सीएचसी में स्वास्थ्य मेला शुरू: जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने योजनाओं की जानकारी दी – Hardoi News
RELATED ARTICLES

