Who Should Avoid Papaya: पपीता उन फलों में शामिल है जिन्हें सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. पपीता पाचन को बेहतर बनाने, इम्यूनिटी मजबूत करने, आंखों की सेहत सुधारने और त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करता है. इसके अलावा ये वेट कंट्रोल रखने और शरीर को कई बीमारियों से बचाने में भी सहायक माना जाता है.
लेकिन हर हेल्दी फूड हर व्यक्ति के लिए सही हो, यह जरूरी नहीं है. कई शोध बताते हैं कि कुछ लोगों में पपीता परेशानी बढ़ा सकता है या पहले से मौजूद लक्षणों को गंभीर बना सकता है. इसलिए अगर आप किसी खास बीमारी या स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं, तो पपीते को नियमित रूप से खाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर होता है
हाइपोग्लाइसीमिया के मरीज
हाइपोग्लाइसीमिया ऐसी स्थिति है जिसमें खून में शुगर का लेवल काफी कम हो जाता है. इससे चक्कर आना, कमजोरी, कंपकंपी और भ्रम जैसी समस्याएं हो सकती हैं. पपीता ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद कर सकता है, लेकिन जिन लोगों का शुगर लेवल पहले से ही कम रहता है, उनमें इसका अधिक सेवन ब्लड शुगर को और नीचे ले जा सकता है. इसलिए ऐसे लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए.
अनियमित धड़कन की समस्या वाले लोग
जिन लोगों को दिल की धड़कन अनियमित रहने की समस्या है, उन्हें भी पपीते का सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी जाती है. पपीते में मौजूद कुछ यौगिक शरीर की कार्यप्रणाली को प्रभावित कर सकते हैं. इसलिए दिल से संबंधित समस्या या थायरॉयड से जूझ रहे लोगों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही इसका सेवन करना चाहिए.
किडनी स्टोन के मरीज
पपीता विटामिन सी का अच्छा सोर्स है, लेकिन जिन लोगों को किडनी स्टोन की समस्या है, उन्हें इसका अधिक सेवन नहीं करना चाहिए. बहुत ज्यादा विटामिन सी शरीर में ऑक्सलेट की मात्रा बढ़ा सकता है, जिससे कुछ प्रकार की पथरी बनने या बढ़ने का जोखिम बढ़ सकता है. ऐसे लोगों के लिए संतुलित मात्रा में सेवन करना बेहतर माना जाता है.
ध्यान रखें ये बातें
यदि आपको कोई पुरानी बीमारी है या आप किसी दवा का सेवन कर रहे हैं, तो अपनी डाइट में बड़े बदलाव करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह जरूर लें.

