Friday, November 20, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेश20 दिन पहले जन्मी बेटी के पिता की हत्या: घटनास्थल से...

20 दिन पहले जन्मी बेटी के पिता की हत्या: घटनास्थल से 1 किमी दूर मिला मोबाइल, CCTV में दिखे संदिग्ध बाइक सवार – Ratlam News




रतलाम के बांगरोद में 24 वर्षीय तेजपाल पाटीदार की हत्या का मामला अब तक नहीं सुलझा है। डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी और 20 दिन पहले वह एक बेटी का पिता बना था। बुधवार रात अन्नकूट का प्रसाद लेकर घर लौटते समय तीन से चार हमलावरों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के दूसरे दिन गुरुवार को एसपी अमित कुमार सहित पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर तेजपाल का मोबाइल फोन मिला है। एक महिला ने यह फोन पुलिस को सौंपा है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर हमलावरों का पता लगाने में जुटी है। प्रसाद लेकर घर लौट रहा था तेजपाल बांगरोद निवासी तेजपाल पिता ईश्वरलाल पाटीदार (24) खेती करता था। साथ ही लोडिंग वाहन चलाकर परिवार का खर्च उठाता था। बुधवार रात वह गांव में अन्नकूट का प्रसाद लेने गया था। रात करीब 9:30 बजे वह रेलवे स्टेशन से आगे गैस एजेंसी के पास खेत की ओर जाने वाले रास्ते से घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन से चार अज्ञात हमलावरों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से हमला कर दिया। आशंका है कि किसी ने फोन कर उसे इस रास्ते पर बुलाया था। इसी रास्ते पर आगे उसका घर भी है। शोर सुनकर पहुंचे राहगीर, हमलावर भागे हमलावरों ने तेजपाल के सीने, पेट और गले पर चाकू से कई वार किए। उसके बाएं हाथ की तरफ सीने पर, सीने के नीचे और पेट के दाएं हिस्से में भी गंभीर चोटें आईं। तेजपाल के शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे राहगीर मौके की ओर दौड़े। उन्हें आता देख हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। लहूलुहान हालत में तेजपाल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, चाकू के वार से उसके फेफड़ों में आगे और पीछे गंभीर चोटें आई थीं। इन्हीं चोटों के कारण उसकी मौत हुई। दोपहर बाद गांव में गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। प्रेम प्रसंग, जमीन और पुरानी रंजिश के एंगल से जांच मौत से पहले तेजपाल ने तीन से चार लोगों के हमला करने की बात बताई थी। गुरुवार को एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, नामली थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद और बांगरोद चौकी प्रभारी वीडी जोशी सहित पुलिस अधिकारी जांच में जुटे रहे। तीन से चार थानों की पुलिस और साइबर टीम भी जांच कर रही है। पुलिस प्रेम प्रसंग, जमीन विवाद और पुरानी रंजिश सहित सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, परिजन भी हत्या की वजह के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए हैं। CCTV में दिखे संदिग्ध बाइक सवार पुलिस ने आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज भी खंगाले हैं। इनमें कुछ संदिग्ध बाइक सवार बांगरोद के खाटू श्याम मंदिर से धौंसवास की ओर जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस अब फुटेज, मोबाइल की कॉल डिटेल और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सबूत जुटाए गए हैं। अलग-अलग टीमें सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments