ग्वालियर में मंगलवार को मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) के दूसरे सीजन की शुरुआत जर्सी अनावरण समारोह के साथ हुई। टूर्नामेंट 12 जून से शंकरपुर स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
.
इस साल टूर्नामेंट का विस्तार किया गया है। पुरुषों की टीमों की संख्या पांच से बढ़ाकर सात कर दी गई है। इसमें बुंदेलखंड और चंबल क्षेत्र की टीमें भी शामिल होंगी। पहली बार महिला क्रिकेट लीग की शुरुआत की जा रही है। महिला वर्ग में तीन टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें भोपाल की टीम भी शामिल है।
ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के साथ मिलकर टूर्नामेंट का आयोजन कर रहा है। जर्सी अनावरण समारोह में खिलाड़ी, टीम अधिकारी और राज्य भर के गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
चेयरमैन महाआर्यमन सिंधिया ने कहा कि पिछले सीजन की सफलता के बाद इस बार लीग का विस्तार किया गया है। महिला प्रतियोगिता की शुरुआत खेल के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाती है। जीडीसीए अध्यक्ष प्रशांत मेहता ने कहा कि टीम की जर्सियां उनके क्षेत्र और भावना को दर्शाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल भी नई प्रतिभाएं सामने आएंगी।

