नंद कुमार | एटा1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के पलरा गांव में एक प्रसूता की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। 25 वर्षीय महिला की मौत आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मृतका की पहचान गीता के रूप में हुई है।
गीता का विवाह चार वर्ष पूर्व देवेंद्र के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। एक माह पूर्व उसने बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसे इंफेक्शन हो गया। इलाज के लिए ससुराल वाले उसे आगरा ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई योगेंद्र ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने इलाज के लिए पैसे मांगे, लेकिन ससुराल वालों ने राशि नहीं दी। उनका कहना है कि इसी कारण डॉक्टरों ने लापरवाही बरती, जिससे उनकी बहन की मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और शव को एटा ले आए। परिजनों ने कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।





