Last Updated:
4 Best Movies Of 2007: बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार के लिए साल 2007 बहुत लकी साबित हुआ था, जहां पूरे साल उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा दिखाने में सफल साबित हुई थी. उनकी 4 फिल्मों ने साल 2007 की 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हुई थी. तो चलिए, आपको बताते हैं उन फिल्मों के बारे में…
नई दिल्ली. सुपरस्टार अक्षय कुमार बॉलीवुड में सबसे ज्यादा फिल्मों में काम करने के लिए जाने जाते हैं. आज हम आपको 2007 की चार ऐसी फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था. इन चारों में एक समानता यह थी कि इनमें अक्षय कुमार भी थे. तो आइए इन चारों फिल्मों पर एक नजर डालते हैं.

नमस्ते लंदन (मार्च, 2007): यह एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी, जिसका निर्देशन और निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया था. इसमें अक्षय कुमार के साथ ऋषि कपूर, कैटरीना कैफ, नीना वाडिया, जावेद शेख, उपेन पटेल और क्लाइव स्टैंडन मुख्य भूमिकाओं में थे.

यह फिल्म मूल रूप से अक्षय कुमार के दोस्त की सच्ची कहानी पर आधारित थी. रितेश देशमुख फिल्म में एक छोटी सी भूमिका में थे. विकिपीडिया के आंकड़ों के अनुसार, यह साल 2007 की 9वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी.

हे बेबी (अगस्त, 2007): यह भी एक कॉमेडी फिल्म थी, जिसका निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया था और निर्देशन साजिद खान ने किया था. इसमें अक्षय कुमार के साथ फरदीन खान, रितेश देशमुख, विद्या बालन, जुआना सांघवी और बोमन ईरानी मुख्य भूमिकाओं में थे.

इस फिल्म की मुख्य कहानी मलयालम फिल्म थूवलस्पर्शम (1990) पर आधारित थी, जो अमेरिकी फिल्म थ्री मेन एंड अ बेबी (1987) का रूपांतरण थी. यह साल 2007 की आठवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी.

भूल भुलैया (अक्टूबर, 2007): यह एक साइको हॉरर कॉमेडी फिल्म थी, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था, जिसकी पटकथा नीरज वोरा ने लिखी थी और जिसका निर्माण टी सीरीज ने किया था. यह मधु मुत्तम द्वारा लिखित और फाजिल द्वारा निर्देशित 1993 की मलयालम फिल्म मणिचित्राथज़ु की रीमेक थी.

फिल्म में अक्षय कुमार के साथ विद्या बालन, शाइनी आहूजा, अमीषा पटेल, परेश रावल, राजपाल यादव, मनोज जोशी, असरानी और विक्रम गोखले मुख्य भूमिकाओं में थे. यह साल 2007 की छठवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी.

वेलकम (दिसंबर, 2007): यह भी एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म थी, जिसका सह-लेखन और निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था. इसमें अक्षय कुमार के अलावा फिरोज खान, अनिल कपूर, नाना पाटेकर, कैटरीना कैफ़, परेश रावल और मल्लिका शेरावत प्रमुख भूमिकाओं में थे.

फिल्म में सुनील शेट्टी और मलाइका अरोड़ा विशेष भूमिकाओं में नजर आए थे. इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था और यही वजह थी कि यह साल 2007 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनकर उभरी थी.

