मोहम्मद आरिफ | धौलाना3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
परिजनों ने सड़क पर किया प्रदर्शन।
हापुड़ के धौलाना में एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार की सुबह की है। एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिस पर पति-पत्नी सवार थे। टक्कर के बाद महिला ट्रक के पहिए के नीचे कुचल गई।
मृतक महिला की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। वह अपने पति देवेंद्र के साथ धौलाना से गुलावठी दवाई दिलवाने जा रही थीं।
घटना के बाद, मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की।
पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। कई घंटों तक शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन जारी रहा। पुलिस के काफी समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने ग्रामीणों के बीच पीड़ित परिवार को अधिक से अधिक मदद करने का आश्वासन दिया। हालांकि, ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात कही।
इस दौरान, ग्राम प्रधान अतीक अहमद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और सरकार से उचित मुआवजा दिलाने की बात कही। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

