बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन है। इस बीच, RJD ने सीतामढ़ी की सभी विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
.
पार्टी ने बाजपट्टी विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक मुकेश यादव को फिर से मौका दिया है। सुरसंड सीट से पूर्व विधायक सैयद अबू दोजाना को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि रुन्नीसैदपुर से चंदन यादव को मैदान में उतारा गया है। इन नामों को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही अटकलें अब समाप्त हो गई हैं।
बथनाहा से नवीन कुमार और सीतामढ़ी सदर सीट से सुनील कुशवाहा
इनके अलावा, महागठबंधन की ओर से बथनाहा विधानसभा सीट से ई. नवीन कुमार और सीतामढ़ी सदर सीट से सुनील कुशवाहा आज नामांकन दाखिल करेंगे। बताया गया है कि सभी उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर नामांकन स्थल पहुंचेंगे।
नामांकन के दौरान महागठबंधन के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे
टिकट बंटवारे में जातीय समीकरण और स्थानीय संगठन की ताकत को प्राथमिकता दी गई है। उम्मीदवारों के नाम तय होने के बाद जिले में राजद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। नामांकन के दौरान महागठबंधन के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही, सीतामढ़ी जिले की सभी छह सीटों पर चुनावी माहौल अब पूरी तरह गरमा गया है।

