सैकड़ों महिलाओं से लोन के नाम पर ठगी।
भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गांव के आयुष कुमार झा पर सैकड़ों महिलाओं से लोन के नाम पर ठगी करने और परिवार सहित फरार होने का आरोप है।
.
पेट्रोल पंप का झांसा देकर लूटे करोड़ों
बताया जा रहा है कि आयुष झा ने पेट्रोल पंप खोलने और महिलाओं को रोजगार देने का झांसा दिया था। उसने कई फाइनेंस कंपनियों से महिलाओं के नाम पर लोन उठवाए और करोड़ों रुपये अपने पास रख लिए।
आरोपी आयुष झा
चांदपुर निवासी वैजंती देवी (26) पति सीताराम रविदास ने जगदीशपुर थाना प्रभारी को आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि गांव की सुनैना देवी (36) पति अजय पासवान के साथ मिलकर आयुष झा से लोन के संबंध में बात हुई थी।
पैसे लौटाने का वादा किया था
महिलाओं ने निजी बैंकों और जीविका समूहों से लोन लेकर आयुष झा को पैसे दिए थे। शुरुआत में कुछ महीनों तक आयुष झा ने किस्तों का भुगतान किया, लेकिन 23 सितंबर 2025 के बाद उसने भुगतान बंद कर दिया। महिलाओं को दिवाली (20 अक्टूबर 2025) तक सभी पैसे लौटाने का वादा किया गया था।
दिवाली बाद घर छोड़कर भागा आरोपी
दिवाली के बाद, 24 अक्टूबर को जब महिलाएं आयुष झा के घर पहुंचीं, तो वह परिवार सहित घर छोड़कर भाग चुका था। इस धोखाधड़ी में सोनी देवी, वंदना देवी, कविता देवी, सुमन देवी, रेशम देवी, प्रतिमा देवी, राजेश पासवान, अनीता देवी, गायत्री देवी, सुनीता देवी, किरण देवी, नीता देवी, रेखा देवी, रिंकी देवी, पिंकी देवी, रेणु देवी और चांदनी देवी सहित कई अन्य महिलाएं भी प्रभावित हुई हैं।
वैजंती देवी ने बताया कि जब महिलाएं अपने पैसे वापस मांगती हैं, तो आयुष झा उन्हें धमकी देता है और बड़े लोगों से संबंध होने की बात कहकर कार्रवाई की चुनौती देता है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

