झाबुआ में होमगार्ड स्थापना दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिला और बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि और एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
.
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री भूरिया और पुलिस अधीक्षक ने ध्वज को सलामी देकर किया। इसके बाद, प्लाटून कमांडर नीलेश डामोर के नेतृत्व में होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा और आपदा आपातकालीन मोचन बल के जवानों ने मुख्य अतिथि को परेड सलामी दी। परेड में आर्म्स, अनआर्म्स प्लाटून और सिविल डिफेंस वालंटियर्स की महिला एवं पुरुष प्लाटून सहित चार टुकड़ियां शामिल थीं।
मंत्री बोलीं- देश की सुरक्षा में जवान का योगदान सराहनीय
मंत्री भूरिया ने अपने संबोधन में होमगार्ड और सिविल डिफेंस के जवानों के समर्पण, अनुशासन और तत्परता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जवान किसी भी आपदा, संकट या सामरिक चुनौती में सेवा, साहस और अनुशासन का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। देश की सुरक्षा में उनका योगदान सराहनीय है।
इस अवसर पर होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट शशिधर पिल्लई ने राष्ट्रपति और गृह मंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के संदेशों का वाचन किया। परेड के दौरान आपदा रेस्क्यू वाहन और एसडीईआरएफ के जवानों ने अपने आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन भी किया।
देखिए तस्वीरें…


बेहतर प्रदर्शन पर विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट व नकद प्रोत्साहन
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कन्या महाविद्यालय झाबुआ और काकनवानी के छात्र-छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत किए। मेधावी बच्चों और वर्षभर कर्तव्यनिष्ठ सेवा प्रदान करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों, जिनमें करण अजनार (12वीं में 88%) शामिल थे, को प्रमाण-पत्र और नकद प्रोत्साहन राशि दी गई।
एसडीईआरएफ सैनिक नीलेश अजनार सहित कई कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आपदा बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। एक मॉकड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें आग लगने की स्थिति में सिविल डिफेंस वालंटियर्स और एसडीईआरएफ की संयुक्त बचाव कार्यप्रणाली का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह चौहान और अपर कलेक्टर सी एस सोलंकी सहित कई अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

