सतना जिले के रैगांव थाना क्षेत्र के करसरा गांव में शुक्रवार दोपहर ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब आधा दर्जन किसानों की लगभग 10 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई, जब ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी सूखी फसल पर गिरी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और आसपास के कई खेत इसकी चपेट में आ गए। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग से प्रभावित किसानों में बेटू शुक्ला, रामकलेश शुक्ला, राजू पयासी, विद्याधर शुक्ला, प्रेमलाल शुक्ला और मनमोहन शर्मा शामिल हैं। इन किसानों को अपनी सालभर की मेहनत का भारी नुकसान हुआ है। आग लगते ही ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए स्थानीय संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बोरिंग के पानी और खेतों की मेड़ों को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक फसल को भारी क्षति हो चुकी थी। घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम द्वारा किसानों को हुई क्षति का आकलन किया जाएगा। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ट्रांसफार्मर की नियमित जांच और सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Source link
ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से खेत में लगी आग: सतना में 10 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान – Satna News
RELATED ARTICLES

