भाजपा कार्यकर्ता संगठन की ताकत हैं और हर बूथ पर पार्टी को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। आगामी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटें। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इंदौर जिला ग्रामीण की बैठक में शुक्रवार को कही। बरसाना गार्डन में आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और राष्ट्रहित में पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। खंडेलवाल ने कहा कि आज कार्यकर्ता जिस विचारधारा और संगठन को मजबूत बनाने में योगदान दे रहे हैं, उसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। जिस तरह देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों का आज भी सम्मान किया जाता है, उसी तरह 50 से 100 साल बाद आने वाली पीढ़ियां भी उन कार्यकर्ताओं को याद करेंगी, जिन्होंने देश को मजबूत बनाने वाली विचारधारा और संगठन को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई। इस दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, संभागीय संगठन प्रभारी रणवीर सिंह रावत, विधायक मधु वर्मा और उषा ठाकुर आदि मौजूद रहे। परिवार और व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखें राष्ट्रहित
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने परिवार और व्यक्तिगत हितों से आगे बढ़कर राष्ट्रहित के लिए काम करना चाहिए। पार्टी की विचारधारा को मजबूत करना, संगठन के नेताओं को मजबूती देना और प्रत्येक बूथ पर पार्टी को सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। आने वाली पीढ़ी भारत को सुरक्षित, आतंकवाद मुक्त, रोजगार के अवसरों से युक्त और खुशहाल राष्ट्र के रूप में देखे, इसके लिए आज संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ काम करने का आह्वान किया। सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की दी जानकारी
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आयोजित सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। चावड़ा ने बताया कि अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दिया’ और ‘आंगन मिलन’ सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रमों से की गई। इंदौर जिला ग्रामीण की चारों विधानसभा क्षेत्रों में अनेक आयोजन हुए। उन्होंने अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए सेवा कार्यों का भी ब्यौरा प्रस्तुत किया। संगठन के पदाधिकारियों ने भी किया संबोधित
बैठक को संभागीय संगठन प्रभारी रणवीर सिंह रावत और जिला प्रभारी शैलेन्द्र डागा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक जितू जिराती, विशाल पटेल और अंतर सिंह दरबार, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान परमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
कार्यकर्ताओं के योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल बोले- राष्ट्रहित को प्राथमिकता देकर बूथ स्तर पर काम करें – Indore News
RELATED ARTICLES

