Last Updated:
Kishore Kumar Mohammed Rafi Songs : अमजद खान का नाम सुनते ही शोले फिल्म दिमाग में आ ही जाती है. इस फिल्म में उन्होंने गब्बर सिंह का कालजयी रोल निभाया था. पूरी जिंदगी उनकी पहचान गब्बर सिंह की रही. अमजद खान की जोड़ी अमिताभ बच्चन के अपोजिट खूब हिट रही. अमजद खान को म्यूजिक की भी बहुत अच्छी समझ थी. एक बार तो संगीतकार आरडी बर्मन ने अमजद खान की पसंद के सिंगर चुने. दोनों गानों को कौन गाएगा, इसकी सलाह अमजद खान ने दी. एक गाना किशोर कुमार ने गाया तो दूसरे गाने में मोहम्मद रफी ने अपनी मखमली आवाज का जादू बिखेरा. फिल्म और गाने दोनों ही सुपरहिट रहे. दोनों ही गाने मोस्ट पॉप्युलर सॉन्ग में शामिल हैं. 42 साल भी उतने ही हिट हैं. वो फिल्म कौन सी थी, वो दो सुपरहिट गाने कौन से थे, आइये जानते हैं….
80 के दशक में अमिताभ बच्चन और अमजद खान की जोड़ी को दर्शक खूब पसंद करते थे. 1975 में पहली बार ‘शोले’ में दोनों एकसाथ पर्दे पर नजर आए थे. 80 के दशक में अमजद खान ने संगीतकार आरडी बर्मन को ऐसी सलाह दी थी कि हर कोई उनका मुरीद हो गया. अमजद खान की सलाह पर ही आरडी बर्मन ने दो गाने किशोर कुमार-मोहम्मद रफी से गवाए. दोनों कौन सा गाना गाएंगे, इसका फैसला भी अमजद खान की सलाह पर किया गया. मजेदार बात यह रही कि अमजद की सलाह 100 फीसदी सही रही. दोनों गाने सुपरहिट साबित हुए. हम 1981 में रिलीज हुई ‘कालिया’ फिल्म की बात कर रहे हैं.

कई बार किसी फिल्म का एक गाना या फिर उसका एक डायलॉग इतना पॉप्युलर हो जाता है कि वही उसकी पहचान बन जाता है. 25 दिसंबर 1981 को अमिताभ बच्चन-परबीन बॉबी, कादर खान और अमजद खान स्टारर फिल्म ‘कालिया’ रिलीज हुई थी. इस फिल्म का एक डायलॉग ‘हम जहां खड़े हो जाते हैं, लाइन वहीं से शुरू होती है’ आपने भी कभी ना कभी जरूर सुना होगा. फिल्म का डायरेक्शन टीनू आनंद ने किया था. फिल्म की कहानी-स्क्रीनप्ले टीनू आनंद ने लिखा था. डायलॉग उनके पिता इंद्र राज आनंद ने लिखे थे. फिल्म में सदाबहार म्यूजिक आरडी बर्मन ने दिया था. गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी थे.

कालिया फिल्म का म्यूजिक खूब पॉप्युलर हुआ था. फिल्म में कुल 6 गाने थे. ज्यादातर गाने किशोर कुमार-आशा भोसले ने गाए थे. फिल्म का एक गाना मोहम्मद रफी ने भी गाया था. गानों की रिकॉर्डिंग के समय अमजद खान भी वहां पर मौजूद थे. उन्होंने पंचम दा से कहा कि वो रफी साहब को गलत गाना दे रहे हैं. जब पंचम दा ने दोनों गानों को लेकर किशोर दा से बात की वो भी अमजद खान की बात से सहमत दिखे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

किशोर दा को जो सॉन्ग गाना था, उसे आखिर में मोहम्मद रफी ने गाया था. गाने के बोल थे : कौन किसी को बांध सका है… ‘. यह गाना राम सेठी पर फिल्माया गया था. वही राम सेठी जिन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ ‘मुकद्दर का सिकंदर, नमक हलाल, याराना और लावारिस जैसी फिल्में की हैं. गाना आज भी उतना ही कर्णप्रिय लगता है. इस गाने में थोड़ा सा फॉक सॉन्ग का भी टच था.

जिस गाने में पंचम दा रफी साहब की आवाज चाहते थे, उसे किशोर कुमार से गवाया गया. गाने के बोल थे : ‘जहां पर तेरी ये नजर है, मेरी जां मुझे खबर है’. यही गाना फिल्म का सबसे पॉप्युलर सॉन्ग बना. किशोर कुमार ने बहुत ही खूबसूरत अंदाजा गाया था.

डायरेक्टर टीनू आनंद ने पूरे एक साल तक अमिताभ बच्चन से मिलने की कोशिश करते रहे थे. आखिरकार ‘डॉन’ फिल्म के सेट पर अमिताभ उनसे मिले. स्क्रिप्ट सुनने ही फिल्म के लिए हामी भर दी. हालांकि फिल्म को बनने में चार साल का लंबा समय लगा. वैसे यह फिल्म धर्मेंद्र के साथ बनाई जानी थी. प्रोड्यूसर इकबाल सिंह यह फिल्म बनाने वाले थे लेकिन किसी वजह से बात नहीं बनी.

अमिताभ ने इस फिल्म में सिर्फ दो घंटे ही काम करने की शर्त रखी दी थी. 13 अक्टूबर 1977 को कालिया फिल्म का मुहुर्त हुआ. कालिया फिल्म में आशा पारेख ने अमिताभ बच्चन की भाभी का रोल निभाया था. वो इस फिल्म में कादर खान की पत्नी बनी थीं. फिल्म की शूटिंग के दौरान दो मौके ऐसे भी आए जब डायरेक्ट टीनू आनंद और अमिताभ बच्चन में बहस हुई. दोनों ही बार ये बहस डायलॉग को लेकर हुई जिसे अमिताभ स्क्रिप्ट से हटाने की बात कर रहे थे लेकिन टीनू ने ऐसा करने से मना कर दिया. दोनों ही डायलॉग अमिताभ को प्राण साहब के सामने बोलने थे. टीनू आनंद ने तो फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का चैलेंज भी दे दिया था.

कालिया फिल्म का सबसे पॉप्युलर गाना था ‘जहां पर तेरी नजर है..’ अमिताभ बच्चन के अनुरोध पर बनाया गया था. अमिताभ विदेश दौरे से लौटे थे और कुछ ट्रैक्स लेकर लौटे थे. ईरानी सिंगर के एक ट्रैक पर इस गाने को बनाया गया था. फिल्म के बैक ग्राउंड म्यूजिक में ‘कालिया-कालिया’ पूरी फिल्म में सुनाई देता है. यह आवाज टीनू आनंद ने ही दी थी. फिल्म चार साल में बनकर तैयार हुई थी. इस फिल्म ने करीब 3.75 करोड़ का कलेक्शन किया था.

सबसे दिलचस्प बात यह है कि कालिया फिल्म का सबसे पॉप्युलर गाना ‘जहां ये तेरी नजर है’ उसी सेट पर फिल्माया जहां प्रकाश मेहरा की फिल्म ‘नमक हलाल’ का गाना ‘जवानी जानेमन हसीन दिलरुबा’ शूट हुआ था. यानी दोनों गाने एक ही सेट पर फिल्माए गए थे. दरअसल, प्रकाश मेहरा ने खास तौर से लाइटिंग सेट डिजाइन किया था. इसी सेट पर टीनू आनंद की फिल्म ‘कालिया’ का गाना ‘जहां पर तेरी नजर है, मेरी जां मुझे खबर है’ फिल्माया गया था.

