नई दिल्ली. भारतीय म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए वित्त वर्ष 2025-26 शानदार रहा है. लोग म्यूचुअल फंड में जमकर पैसा लगा रहे हैं. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया यानी एम्फी (AMFI) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, म्यूचुअल फंड्स का कुल एसेट बेस (AUM) 12.2 फीसदी बढ़कर 73.73 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया है.
एम्फी के डेटा में बताया गया कि ग्लोबल लेवल पर अनस्टेबिलिटी के बावजूद एक्टिव इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में इनफ्लो बढ़कर 40,450.26 करोड़ रुपये हो गया है, जो कि जुलाई 2025 के बाद अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है. यह फरवरी में 25,977.81 करोड़ रुपये पर था.
32,087 करोड़ रुपये रहा मार्च में एसआईपी इनफ्लो
मार्च में एसआईपी इनफ्लो 32,087 करोड़ रुपये रहा है, जो कि इससे पिछले महीने 29,845 करोड़ रुपये पर था. यह दिखाता है कि रिटेल निवेशक बाजार की अनस्टेबिलिटी के बीच लॉन्ग टर्म के नजरिए से निवेश कर रहे हैं. एनालिस्ट्स ने कहा कि इक्विटी इनफ्लो में इस उछाल का कारण साल के अंत में पोर्टफोलियो आवंटन, पश्चिम एशिया में तनाव के बाद हालिया गिरावट में कम वैल्यूएशन पर निवेश करना है.
गोल्ड ईटीएफ इनफ्लो घटकर 2,266 करोड़ रुपये रह गया
हालांकि, मार्च में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में 2.39 लाख करोड़ रुपये का नेट आउटफ्लो दर्ज किया गया, जबकि फरवरी में 94,530 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो आया था. मार्च में डेट म्यूचुअल फंड में 2.94 लाख करोड़ रुपये का आउटफ्लो दर्ज किया गया. इसके अलावा मार्च में गोल्ड ईटीएफ इनफ्लो घटकर 2,266 करोड़ रुपये रह गया है, जो कि फरवरी में यह 5,254.95 करोड़ रुपये था.
फ्लेक्सी-कैप फंडों में सबसे ज्यादा 10,054.12 करोड़ रुपये का निवेश
इक्विटी कैटेगरी में मार्च में फ्लेक्सी-कैप फंडों में सबसे ज्यादा 10,054.12 करोड़ रुपये का निवेश हुआ, जो फरवरी में 6,924.65 करोड़ रुपये था. स्मॉल-कैप और मिड-कैप फंडों में क्रमशः 6,263.56 करोड़ रुपये और 6,063.53 करोड़ रुपये का निवेश हुआ, जबकि पिछले महीने यह क्रमशः 3,881.06 करोड़ रुपये और 4,002.99 करोड़ रुपये था. वहीं, लार्ज-कैप फंडों में 2,997.84 करोड़ रुपये का निवेश हुआ.
क्या होता म्यूचुअल फंड
बता दें कि म्यूचुअल फंड एक निवेश का जरिया है जहां कई निवेशकों से पैसा इकट्ठा करके एक फंड बनाया जाता है. इस जमा पैसे को एक प्रोफेशनल फंड मैनेजर अपनी कुशलता से शेयर बाजार, सरकारी बॉन्ड्स या दूसरे एसेट्स में निवेश करता है. आपके पैसे को अलग-अलग जगहों पर लगाया जाता है, जिससे रिस्क कम हो जाता है. बाजार की गहरी समझ रखने वाले एक्सपर्ट्स आपके पैसों को मैनेज करते हैं. आप SIP के जरिए मात्र 100 रुपये या 500 रुपये जैसी छोटी रकम से भी निवेश शुरू कर सकते हैं. आप जब चाहें अपने निवेश को बेचकर पैसा वापस निकाल सकते हैं. म्यूचुअल फंड उन लोगों के लिए बेहतरीन ऑप्शन है जो सीधे शेयर बाजार में निवेश करने का समय या ज्ञान नहीं रखते.

