विदिशा में एक किसान की संदिग्ध मौत के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बेहलोट गांव निवासी किसान गोविंद गुर्जर ने आत्महत्या से पहले वीडियो बनाकर भाजपा नेता व पूर्व विधायक शशांक भार्गव पर गंभीर आरोप लगाए थे। मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत केस दर्ज किया है। बता दें कि सोमवार शाम करीब 4 बजे गोविंद गुर्जर ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसे में उसका सिर और धड़ अलग-अलग मिले। किसान ने मरने से पहले 5 वीडियो बनाए थे और अलग-अलग लोगों व व्हाट्सएप ग्रुप्स में भेजे। कुछ वीडियो ग्राम पंचायत बेहलोट के सरपंच पुत्र को भी भेजे गए थे। वीडियो में लगाए गंभीर आरोप वीडियो में गोविंद ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक शशांक भार्गव उस पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विदिशा विधायक मुकेश टंडन की हत्या करने का दबाव बना रहे थे। उसने कहा कि इनकार करने पर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था और जान का खतरा था। अब पढ़िए सुसाइड से पहले किसान ने चार वीडियो में क्या कहा था वीडियो-1: बटाई की खेती और पैसे नहीं देने का लगाया आरोप गोविंद सिंह गुर्जर ने बताया कि वह गांव बहरोड़ का रहने वाला है और पिछले तीन वर्षों (2023, 2024, 2025) से पूर्व विधायक शशांक भार्गव की जमीन बटाई पर लेकर खेती कर रहा था। उसने कर्ज लेकर धान और गेहूं की फसल लगाई थी। समझौते के अनुसार, आधी रकम धान की फसल पर और आधी गेहूं की फसल पर मिलनी थी। गोविंद के मुताबिक, फैक्ट्री में आग लगने के बाद भार्गव ने धान की पूरी रकम अपने पास रख ली और बाद में गेहूं के पैसे भी नहीं दिए। जब वह पैसे मांगने गया, तो उससे स्टांप पेपर लाने को कहा गया। गोविंद का कहना है कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है, उससे कुछ लिखवाकर हस्ताक्षर करवा लिए गए और अगले दिन पैसे देने की बात कही गई। वीडियो-2: हत्या के लिए दबाव और मारपीट का आरोप गोविंद ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह अगले दिन पैसे लेने पहुंचा, तो उसे रिवॉल्वर देकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विधायक मुकेश टंडन की हत्या करने का दबाव बनाया गया। गोविंद ने कहा कि उसने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया और बताया कि वह एक गरीब व्यक्ति है, जो अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। इसके बाद उस पर धमकी और दबाव बनाया गया। उसने आरोप लगाया कि बाबू, नारायण, जितेंद्र, दुर्गेश, बृजेश और राकेश नाम के लोगों के साथ मिलकर उसे कई बार मारा-पीटा गया और लगातार धमकाया गया। वीडियो-3: जान को खतरा बताते हुए न्याय दिलाने की अपील एक अन्य वीडियो में गोविंद ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मदद की गुहार लगाई। उसने कहा कि वह गरीब है और उसकी जान को खतरा है। उसने अपने साथ हो रहे अन्याय का जिक्र करते हुए न्याय दिलाने की मांग की। वीडियो-4: गुर्जर समाज का नेता बताकर परिवार के लिए न्याय की मांग गोविंद ने राजस्थान के कांग्रेस नेता सचिन पायलट से भी मदद मांगी। उसने कहा कि वे गुर्जर समाज के प्रमुख नेता माने जाते हैं, लेकिन अब तक उसके समर्थन में कोई सामने नहीं आया। उसने भावुक होकर कहा कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी हो जाए, तो उसके परिवार को न्याय दिलाया जाए। SIT गठित, हर पहलू से जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रोहित कासवानी ने जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। वहीं सीएसपी अतुल सिंह के मुताबिक शुरुआती जांच में मृतक द्वारा लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर पूर्व विधायक के खिलाफ BNS की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) में केस दर्ज किया गया है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे शशांक भार्गव विदिशा के पूर्व कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव ने 26 मार्च 2024 को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर अपनी राजनीतिक दिशा में बड़ा बदलाव किया था। लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहे भार्गव का भाजपा में शामिल होना क्षेत्रीय राजनीति में अहम घटनाक्रम माना गया। उनके इस फैसले को राजनीतिक रणनीति और बदलते समीकरणों से जोड़कर देखा गया। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही थी। वहीं, उनके इस कदम से स्थानीय स्तर पर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई थीं और दोनों दलों के बीच सियासी हलचल बढ़ गई थी। विदिशा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक शशांक भार्गव ने अपने राजनीतिक करियर में मुख्य रूप से भाजपा नेता मुकेश टंडन के खिलाफ चुनाव लड़ा है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में उन्होंने मुकेश टंडन को हराकर जीत दर्ज की और विधायक बने। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर उनका मुकाबला मुकेश टंडन से हुआ, लेकिन इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा और मुकेश टंडन विधायक निर्वाचित हुए। इस तरह दोनों नेताओं के बीच एक-एक मुकाबले में जीत-हार रही।
Source link
विदिशा के पूर्व विधायक पर किसान की आत्महत्या की FIR: VIDEO में लगाए आरोप-हत्या के लिए बनाया दबाव, रिवॉल्वर देने का दावा; कांग्रेस से भाजपा में आए थे – Vidisha News
RELATED ARTICLES

