कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में एक छात्रा ने पड़ोसी युवक पर नहाते समय वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता, जो राजकीय पॉलिटेक्निक की अंतिम वर्ष की छात्रा है, उसने अपनी प्राथमिकी में बताया कॉलेज जाने के लिए वह तैयार कर रही थी। 1 मई की सुबह करीब छह बजे वह अपने घर में नहा रही थी। उसी दौरान पड़ोसी युवक ऋतिक ने कथित तौर पर मोबाइल फोन से उसका चोरी-छिपे वीडियो बना लिया। छात्रा के अनुसार, जैसे ही उसकी नजर युवक पर पड़ी और उसने विरोध किया, आरोपी मौके से भाग गया। आरोप है कि जब पीड़िता ने आरोपी रितिक के परिवार से शिकायत की तो आरोपी की मां और पिता ने उसे तथा उसके परिवार को धमकाना शुरू कर दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत क्षेत्रीय पुलिस से की। जब आरोपी को शिकायत की जानकारी हुई, तो उसने पीड़िता को धमकाते हुए कहा कि यदि पुलिस में दी गई शिकायत वापस नहीं ली गई, तो नहाते समय बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा, जिससे उसके पिता को बदनाम किया जाएगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ पुलिस आयुक्त से मिली और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आयुक्त के आदेश पर चकेरी थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। छात्रा का कहना है कि इस घटना से वह मानसिक तनाव में है और उसकी पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। उसे लगातार मिल रही धमकियों के कारण अपना भविष्य अंधकारमय लग रहा है। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कानपुर में छात्रा का नहाते वीडियो बनाया: आरोपी बोला-पुलिस से शिकायत वापस लो, वरना तुझे और तेरे बाप को बदनाम कर दूंगा – Kanpur News
RELATED ARTICLES

