बारां में राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एसआरएम राजकीय जिला अस्पताल में हाई रिस्क ग्रुप (एचआरजी) के सदस्यों को हेपेटाइटिस-बी का निःशुल्क टीका लगाया जाएगा। इस संबंध में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेन्द्र मेघवाल की अध्यक्षता में जिला अस्पताल में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि ओपीडी और आईपीडी में आने वाले हाई रिस्क ग्रुप के सदस्यों, जिनमें फीमेल सेक्स वर्कर (FSW), मेल सेक्स वर्कर (MSM), इंजेक्टिंग ड्रग यूजर (IDU) और ट्रांसजेंडर (TG) शामिल हैं, की हेपेटाइटिस-बी जांच नेगेटिव आने पर उन्हें मुफ्त टीकाकरण की सुविधा मिलेगी। डॉ. नरेन्द्र मेघवाल ने बताया कि जिला अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र पर प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को टीकाकरण दिवस निर्धारित किया गया है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे हाई रिस्क ग्रुप के सदस्यों को टीकाकरण के लिए नशा मुक्ति केंद्र भेजना सुनिश्चित करें। इस कार्यक्रम की निगरानी और पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी एनवीएचसीपी ट्रीटमेंट सेंटर के प्रभारी डॉ. हरिओम मीणा को सौंपी गई है। बैठक में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुरेश मीणा, लिंक एआरटी सेंटर से अजय गुप्ता, नशा मुक्ति केंद्र प्रभारी डॉ. नीरज शर्मा, चर्म रोग विभाग के प्रभारी अधिकारी, एनएमसीएच टीकाकरण विभाग के अधिकारी, ब्लड बैंक से मीना गर्ग, सेंट्रल लैब प्रभारी ओमप्रकाश राठौर, फार्मासिस्ट अविनाश गर्ग, तथा सीएमएचओ कार्यालय से दिनेश साहु और हेमंत जोशी मौजूद थे।
Source link

