पूर्णिया में 3 जून को “अस्मिता खेलो इंडिया” महिला रोड साइकलिंग सिटी लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता महिलाओं और बालिकाओं को खेल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइकिलिंग फेडरेशन और बिहार साइकिलिंग के निर्देश पर आयोजित की जा रही है। पूर्णिया में यह दूसरा अवसर है जब ऐसी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। प्रतियोगिता को तीन अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी में 19 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं (जन्म वर्ष 2007 से पहले) भाग ले सकेंगी। दूसरी श्रेणी जूनियर बालिका वर्ग की होगी, जिसमें 17 से 18 वर्ष की बालिकाएं (जन्म वर्ष 2008-09 के बीच) हिस्सा लेंगी। तीसरी श्रेणी में 13 से 16 वर्ष तक की बालिकाएं (जन्म वर्ष 2010 से 2013 के बीच) शामिल होंगी। प्रत्येक आयु वर्ग के अनुसार साइकलिंग रेस की दूरी निर्धारित की गई है। इसमें 20 किलोमीटर, 15 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की रेस शामिल हैं। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के निर्देश पर हर वर्ष इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन महिलाओं में खेल के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जाता है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर संघ के सदस्य विभिन्न विद्यालयों में संपर्क अभियान चला रहे हैं। खेल पदाधिकारी, शिक्षा विभाग और शिक्षा परियोजना की ओर से भी सभी विद्यालयों को पत्र जारी कर अधिक से अधिक छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। बिहार साइकिलिंग के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार और जिला अध्यक्ष नवीन सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को साइकिल देने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त, 100 प्रतिभागियों को टी-शर्ट भी उपहार स्वरूप प्रदान की जाएगी। पूर्णिया में साइकलिंग खेल लगातार प्रगति कर रहा है। यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी पहचान बना रहे हैं। इसी कड़ी में, बिहार खेल प्राधिकरण द्वारा जिले के सात खिलाड़ियों का चयन स्कॉलरशिप के लिए किया गया है, जिसके तहत उन्हें प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।
Source link

